नगर निगम के वार्ड संख्या 48 अलोपीबाग के उपचुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन किया गया। उपचुनाव के नामांकन के दौरान भाजपा और सपाइयों ने पूरा जोश नजर आया। उम्मीदवारों को फूल मालाओं पहनाने के बाद उन्हें ले जाया गया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। प्रत्याशी के पीछे कार्यकर्ता पैदल नारे लगाते रहे। भाजपा और सपा के बड़े नेता नामांकन में शामिल हुए। भारतीय जनता पार्टी ने स्वर्गीय उमेश चंद्र मिश्रा के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उनके बेटे सचिन मिश्रा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। समाजवादी पार्टी ने दीप प्रकाश को अपना उम्मीदवार बनाया है। गुरुवार को दोनों ने नामांकन के दौरान अपनी ताकत दिखाई। सचिन मिश्रा भाजपा नेताओं के साथ पर्चा दाखिल करने पहुंचे। भाजपा ने इस मौके पर शक्ति प्रदर्शन किया। साथ रहे मेयर गणेश चंद्र केसरवानी ने कहा कि अलोपीबाग में स्वर्गीय उमेश चंद्र मिश्रा के आकस्मिक निधन के बाद यह उपचुनाव हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने सचिन मिश्रा की योग्यता, कर्मठता और समाज के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी चुना है। कहा कि अलोपीबाग क्षेत्र की जनता का भरपूर आशीर्वाद सचिन मिश्रा को मिल रहा है। सपा प्रत्याशी दीप प्रकाश सोनकर ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के आभारी हैं कि उन्हें उम्मीदवार बनाया गया। दीप प्रकाश सोनकर ने कहा कि यदि जनता उन्हें अपना वोट देकर जिताती है तो वह वार्ड के अधूरे कार्य को पूरा करेंगे। नामांकन के दौरान महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन, एमएलसी डॉ मानसिंह यादव, विधायक संदीप पटेल, महासचिव रविन्द्र यादव एडवोकेट, पूर्व प्रत्याशी उत्तरी संदीप यादव आदि मौजूद रहे।


