कांग्रेस नेताओं ने मैहर नगर पालिका घेरी:पेयजल संकट, गंदगी और जर्जर सड़कों पर प्रदर्शन; एक महीने का अल्टीमेटम दिया

कांग्रेस नेताओं ने मैहर नगर पालिका घेरी:पेयजल संकट, गंदगी और जर्जर सड़कों पर प्रदर्शन; एक महीने का अल्टीमेटम दिया

मैहर शहर में पेयजल संकट, गंदगी और जर्जर सड़कों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर तीन बजे सीएमओ को ज्ञापन सौंपने के बाद समाप्त हुआ। कुल मिलाकर यह विरोध प्रदर्शन साढ़े तीन घंटे तक चला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। पेयजल संकट और बदहाल सफाई व्यवस्था पर घेरा कांग्रेस जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र घई ने कहा कि मैहर के कई वार्डों में पेयजल संकट गहराया हुआ है और नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, जगह-जगह लगे गंदगी के अंबार, सड़कों की खराब स्थिति और अधूरे विकास कार्यों को लेकर भी प्रशासन को घेरा। वहीं, कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने नगर पालिका प्रशासन पर जनहित की अनदेखी और विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे तो जनाक्रोश और बढ़ेगा। प्रशासन को एक महीने का अल्टीमेटम धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन नगर पालिका सीएमओ प्रिंस अग्रवाल और नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में शहर की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापक और उग्र जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली टीआई अनिमेष द्विवेदी सहित पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई, पंडित रामनिवास उर्मलिया, नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *