लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव प्रचार में जोरदार अंदाज में उतरे। उन्होंने बाराबनी, रामपुरहाट और बोलपुर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC), कांग्रेस और वामपंथियों पर तीखा हमला बोला तथा भाजपा की विकास योजनाओं को गिनाया।
सीएम योगी ने बंगाल की जनता से अपील की कि वे टीएमसी के गुंडों, माफियाओं या किसी मौलाना के बयानों से भयभीत न हों। उन्होंने कहा, ‘डबल इंजन की भाजपा सरकार आने दीजिए, ये सभी आपकी चाटुकारिता करेंगे और बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते नजर आएंगे।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनका कार्यक्रम था, तब टीएमसी के गुंडों ने भाजपा के झंडे उखाड़ने और सभा बाधित करने की कोशिश की। उन्होंने मतदाताओं से कहा, ‘आप भाजपा प्रत्याशियों को जिताइए और डबल इंजन सरकार लाइए। हम टीएमसी का सूपड़ा साफ कर देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल स्पीड से सारी समस्याओं का समाधान होगा। भाजपा ही सुरक्षा, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।’
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में बंगाल टेरर, माफियाराज और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के राज में सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया पैदा हुए। केंद्र से आने वाले विकास और गरीब कल्याण के पैसे को टीएमसी के गुंडे हजम कर जाते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि 9 साल पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति भी बंगाल से बदतर थी। हर दूसरे-तीसरे दिन दंगे होते थे, व्यापारी और महिलाएं असुरक्षित थीं, गुंडागर्दी चरम पर थी। लेकिन डबल इंजन की भाजपा सरकार आने के बाद सब बदल गया।
उन्होंने कहा, अब यूपी में कोई सड़क पर नमाज नहीं पढ़ सकता, मस्जिदों से माइक की आवाज नहीं आती, गोकशी नहीं होती, लव जिहाद और लैंड जिहाद की घटनाएं नहीं होतीं। सख्त कार्रवाई होती है कि सात पीढ़ियां याद रखें। पर्व-त्योहार शांति से मनाए जाते हैं।
योगी ने आगे कहा कि बंगाल में अभी भी गोतस्करी, गोहत्या और त्योहारों से पहले उपद्रव होते हैं। उन्होंने राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि यूपी में डबल इंजन सरकार आने के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया, जिसे कांग्रेस, सपा और टीएमसी रोक नहीं पाईं।
बुलडोजर और माफिया पर तंज
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में बुलडोजर माफियाओं की हड्डी-पसली ठीक कर देता है। माफिया की संपत्ति जब्त कर गरीबों और जनजातीय वर्ग के लिए आवास बनाए जाते हैं। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जय श्री राम से नफरत है। वे दुर्गा पूजा नहीं होने देतीं और हिंदुओं के त्योहारों पर कर्फ्यू जैसा माहौल बना देती हैं।
योगी ने मुर्शिदाबाद का जिक्र करते हुए कहा कि कोलकाता हाईकोर्ट ने टीएमसी सरकार से कहा था कि अगर दुर्गा पूजा की सुरक्षा नहीं दे पा रही हो तो यूपी से बुलडोजर मंगा लो।
बंगाल की सांस्कृतिक विरासत
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर और स्वामी विवेकानंद की धरती पर टीएमसी के संरक्षण में गोहत्या हो रही है। भाजपा गारंटी देती है कि बंगाल में दंगा-कर्फ्यू नहीं लगेगा, गोमाता को कटने और हिंदुओं को बंटने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने याद दिलाया कि बंगाल एक समय देश की अर्थव्यवस्था का इंजन था, लेकिन कांग्रेस, वामपंथियों और अब टीएमसी ने इसे भ्रष्टाचार, भय और अराजकता का केंद्र बना दिया। किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिलता। यूपी में आलू 15-16 रुपये किलो बिक रहा है, जबकि बंगाल में सिर्फ 1-1.5 रुपये।
ममता पर प्रोटोकॉल भूलने का लगाया आरोप
योगी ने ममता बनर्जी पर प्रोटोकॉल भूलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बंगाल दौरे पर ममता बनर्जी न खुद गईं और न ही कोई मंत्री स्वागत करने पहुंचा।
अंत में सीएम योगी ने बंगालवासियों के उत्साह की सराहना की और कहा कि भाजपा की सरकार आने पर बंगाल फिर से दुर्गा उत्सव, मां काली और मां तारा की भूमि बनेगा। नौजवानों को रोजगार, किसानों को सम्मान और गरीबों को विकास मिलेगा।


