How To Clean Kitchen Grease: किचन में खाना बनाते समय तेल और मसालों के छींटे अक्सर गैस स्टोव, चिमनी, टाइल्स, कैबिनेट और शेल्फ पर पड़ जाते हैं। शुरुआत में इन्हें साफ करना आसान होता है, लेकिन कई दिनों तक सफाई न होने पर यही तेल और धूल मिलकर चिपचिपी ग्रीस की मोटी परत बना लेते हैं। ऐसे में सिर्फ पानी या सूखे कपड़े से सफाई करने पर गंदगी पूरी तरह नहीं निकलती। ज्यादा रगड़ने से टाइल्स, चिमनी और गैस स्टोव पर स्क्रैच के निशान पड़ने के साथ ही इनकी फिनिश खराब हो सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं किचन में जमी ग्रीस को साफ करने के आसान टिप्स, जिनकी मदद से आप आसानी से किचन साफ कर सकते हैं।
तेल और गंदगी हटाएं
किचन में जमी ग्रीस साफ करने के लिए सीधे पानी या किसी क्लीनिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल करने के बजाय पेपर टॉवल, सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े या सॉफ्ट ब्रश की मदद से तेल, धूल, आटा, मसाले और खाने के टुकड़े हटा दें। इसके बाद गीले कपड़े से सफाई करें।
बेकिंग सोडा से साफ करें जिद्दी ग्रीस
किचन की जमी हुई ग्रीस और तेल के दाग को आसानी से साफ करने के लिए 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा-सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। अब इसे ग्रीस वाली जगह पर लगाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम स्पंज या नॉन-अब्रेसिव कपड़े से हल्के हाथ से रगड़ें। आखिर में साफ पानी से सतह पोंछकर अच्छी तरह सुखा दें।
डिश सोप और गर्म पानी से बनाएं क्लीनिंग सॉल्यूशन
अगर किचन शेल्फ, कैबिनेट या काउंटर पर ग्रीस जमा है, तो उसे साफ करने के लिए बाजार से महंगे क्लीनर खरीदने के बजाय आप गर्म पानी में थोड़ी मात्रा में डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाएं और इसमें माइक्रोफाइबर कपड़ा हल्का गीला करके साफ करें।
चिमनी के फिल्टर को ऐसे करें साफ
किचन चिमनी के फिल्टर पर तेल और धुआं सबसे ज्यादा जमा होता है। इसे साफ करने के लिए फिल्टर को निकालकर गर्म पानी और डिशवॉशिंग लिक्विड में करीब 20-30 मिनट के लिए भिगो सकते हैं। इसके बाद सॉफ्ट ब्रश से हल्के हाथ से साफ करें और अच्छी तरह पानी से धो लें। दोबारा चिमनी में लगाने से पहले फिल्टर को पूरी तरह सूखने दें। चिमनी के बाहरी हिस्से को भी गर्म पानी और हल्के डिश सोप में हल्का गीला किए गए माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ किया जा सकता है।
रगड़कर या नुकीली चीज से न करें सफाई
जमी हुई ग्रीस को हटाने के लिए चाकू या किसी खुरदरे स्क्रबर से जोर लगाकर सफाई न करें। इससे खरोंच पड़ने के साथ ही फिनिश खराब हो सकती है।
सफाई के बाद किचन को रखें सूखा
किचन में जमी गंदगी और ग्रीस को साफ करने के बाद सूखे कपड़े से किचन को अच्छी तरह साफ करें, जिससे नमी न रहे। किचन में मौजूद नमी से किचन दोबारा जल्दी गंदा हो सकता है।


