Shivaji Park Protest: मुंबई के शिवाजी पार्क में रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन से पहले पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। आंदोलन में शामिल होने पहुंचे कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी ने मुंबई के दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आंदोलन का ऐलान किया था। संगठन ने रविवार शाम चार बजे के आसपास समर्थकों से पार्क में एकत्र होने की अपील की थी।
पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन की तरह मुंबई में भी प्रदर्शन नहीं हो, इसके लिए पुलिस ने पहले से ही तैयारी कर रखी है। शिवाजी पार्क की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया गया। शिवसेना भवन के सामने से पार्क की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर भी बैरिकेड लगा दिए गए। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। कई पुलिस वाहन भी मौके पर पहुंचाए गए हैं। आंदोलन में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है।
पहचान पत्र देखकर लोगों को दिया गया प्रवेश
शिवाजी पार्क की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने लोगों के पहचान पत्र की जांच की। उनसे वहां जाने का कारण भी पूछा गया। पुलिस ने संतुष्ट होने के बाद ही लोगों को आगे जाने दिया। प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे सीजेपी समर्थकों को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी गई।
ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक विदाई समारोह की तैयारी
सीजेपी ने इस आंदोलन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक विदाई समारोह आयोजित करने की योजना बनाई थी। संगठन की मांग उनके इस्तीफे को लेकर है। हालांकि पुलिस की सख्ती के चलते आंदोलनकारियों के लिए शिवाजी पार्क तक पहुंचना मुश्किल हो गया था। शिवाजी पार्क और उसके आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस आंदोलनकारियों को मैदान तक पहुंचने से रोकने के लिए सतर्क है।

