Pati Patni Aur Panga Season 2: टीवी के गलियारों में इन दिनों रियलिटी शोज की सुगबुगाहट और सितारों की पर्सनल लाइफ से जुड़े खुलासे खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। बात जब सेलिब्रिटी जोड़ों की हो और उसमें प्यार, नोकझोंक और एक-दूसरे के लिए गहरी समझ की बात आए, तो फैंस की दिलचस्पी खुद ही बढ़ जाती है। इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है पॉपुलर रियलिटी शो ‘पति, पत्नी और पंगा 2’ (Pati Patni Aur Panga 2), जिसका मंच हाल ही में उस वक्त हंसी, ठहाकों और तालियों से गूंज उठा जब टीवी के चहेते अभिनेता शब्बीर अहलूवालिया (Shabbir Ahluwalia) और उनकी पत्नी कांची कौल (Kanchi Kaul) ने शो में शिरकत की और एक दूसरे के प्यार का सबूत दिया।
जब कांची कौल के एक जवाब ने जीत लिया सबका दिल
पति, पत्नी और पंगा 2 शो के दौरान जब रिश्तों और रोमांस को लेकर चर्चा चल रही थी, तभी कांची कौल ने बड़े ही बेबाक और प्यारे अंदाज में एक ऐसा बयान दिया जिसने वहां मौजूद सभी सेलिब्रिटीज और कंटेस्टेंट्स का दिल जीत लिया। कांची ने मुस्कुराते हुए कहा कि “पत्नियां ज्यादा रोमांटिक होती हैं।”
उनके इस जवाब के आते ही सेट पर मौजूद सभी लोग उनकी हाजिरजवाबी और पति शब्बीर के साथ उनकी शानदार बॉन्डिंग की तारीफ करने लगे। शो में बतौर गेस्ट या कंटेस्टेंट शामिल हुए जाने-माने सितारे भी इस खूबसूरत जोड़ी की कैमिस्ट्री देखकर खुद को रोक नहीं पाए और जमकर कसीदे पढ़े।
सेलेब्स ने की तारीफ
कांची और शब्बीर की इस प्यारी सी नोकझोंक और आपसी समझ को देखकर सिंगर राहुल वैद्य (Rahul Vaidya) ने तुरंत कहा, “जोड़ी हो तो ऐसी हो।” वहीं, स्टैंड-अप कॉमेडियन और रियलिटी शो के होस्ट मुनव्वर फारुखी (Munawar Faruqui) भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने चुटीले अंदाज में तारीफ करते हुए कहा, “इनके 36 गुण सच में मिलते हैं यार!” अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे (Sonali Bendre) ने भी दोनों की ट्यूनिंग की सराहना करते हुए कहा, “क्या गजब की ट्यूनिंग है आप दोनों की!”
माहौल तब और ज्यादा मजेदार हो गया जब भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज स्टार और राजनेता मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने शब्बीर और कांची की तारीफ करते हुए कहा, “भाई यार, ये कसम से इतने मिलते-जुलते हैं।” इस पर मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि (Surbhi Tiwari) ने तुरंत हंसते हुए कहा, “इन्होंने तो प्यार पर पीएचडी कर रखी है!” सुरभि की इस बात पर पूरा सेट ठहाकों से गूंज उठा।
शब्बीर अहलूवालिया और कांची कौल की गिनती टेलीविजन इंडस्ट्री के सबसे मजबूत और खुशहाल कपल्स में होती है। दोनों सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते हैं, जिन्हें फैंस बहुत पसंद करते हैं। ‘पति, पत्नी और पंगा 2’ के इस एपिसोड ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पर्दे पर अपनी एक्टिंग का जादू बिखेरने वाले ये सितारे अपनी रियल लाइफ केमिस्ट्री से भी दर्शकों का दिल जीतना बखूबी जानते हैं।

