गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की स्थापना की छठी वर्षगांठ पर आगामी 10 फरवरी को अरपा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आगमन प्रस्तावित है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को महोत्सव की तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने पेंड्रा के मल्टी परपज शाला मैदान में आयोजित होने वाले इस गरिमामय समारोह के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने विकास कार्यों पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी लगाने, विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन तथा हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत सामग्री वितरण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को बायोमीट्रिक उपस्थिति के दिए आदेश बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से बायोमीट्रिक उपस्थिति लागू करने और फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन कर छूटे हुए सभी लोगों के आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, वय वंदना कार्ड और अपार आईडी बनाने के निर्देश भी दिए। राजस्व अधिकारियों को विभिन्न शासकीय प्रयोजनों के लिए भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर अमित बेक सहित सभी विभागों के जिला, अनुविभाग एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


