हरितालिका तीज के अवसर पर सोमवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सुभाष चंद्र सभागार में लक्ष्य ट्रस्ट की ओर से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल में प्राकृतिक आपदा से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने और दो मिनट का मौन धारण कर की गई। इस दौरान आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। काठमांडू से आए कलाकार इब्स्याल संज्याल और विश्वास नेपाल ने नेपाली कला, संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को तीज के रंग में रंग दिया। नेपाली समाज की महिलाओं ने भी उत्साह के साथ तीज पर्व मनाया। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित बाढ़ पीड़ितों और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए कार्यक्रम में सहयोग राशि भी एकत्र की गई। लोगों ने अपनी श्रद्धानुसार सहयोग किया। आयोजकों के अनुसार एकत्र राशि नेपाल एम्बेसी, नई दिल्ली के माध्यम से नेपाल भेजी जाएगी, ताकि आपदा प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंच सके। नेपाली समाज के अध्यक्ष कल्याण सिंह राणा ने कहा कि हरितालिका तीज नेपाली समाज की महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता भी दिखाई गई। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों समेत मेरठ, मोदीनगर, हापुड़, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों से आए नेपाली समाज के लोग मौजूद रहे।

