कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में कमासिन एनएच-19 हाईवे पर देर रात करीब 12:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सूचना मिलने पर सैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार में सवार सभी छह लोग फतेहपुर जनपद के हुसैनगंज थाना अंतर्गत नबीपुर के निवासी थे। वे किसी शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
हादसे में फतेहपुर के नबीपुर निवासी राजेश यादव पुत्र अमर सिंह और वैटागडिहवा निवासी राहुल पटेल पुत्र राम सुमेर की मौत हो गई। चार अन्य लोग घायल हो गए, जिनकी पहचान दिगंबरपुर, मालवा निवासी अरविंद (32) पुत्र देवनारायण), अनिल (30), पुत्र देवनारायण, प्रदीप पुत्र देवनारायण और राजकुमार पुत्र राम स्वरूप के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहीं, दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


