Alwar: तसई गांव में अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, 22 अप्रेल तक अंतिम चेतावनी

Alwar: तसई गांव में अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, 22 अप्रेल तक अंतिम चेतावनी

अलवर। कठूमर क्षेत्र की ग्राम पंचायत तसई में राज्य सरकार की ओर से प्रस्तावित साढ़े 24 फीट चौड़ाई वाले अटल प्रगति पथ सीसी सड़क निर्माण का कार्य में रास्ते में आ रहा अतिक्रमण बाधा बना हुआ है। अब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए 22 अप्रेल की डेड लाइन तय कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ पहले ही किया जा चुका है। कुछ हिस्सों में सड़क बन चुकी है, जबकि कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण कार्य रुका हुआ है। इसको लेकर ग्राम पंचायत व प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को 17 मार्च को 7 दिवसीय, 30 मार्च को 3 दिवसीय तथा 2 अप्रेल को पुनः 3 दिवसीय नोटिस जारी किए थे।

तीसरे नोटिस के बाद तिहिया मोहल्ला व गदरा मोहल्ला के कुछ लोगों निजो मास्टर, बंटी गुंजारी, महेश, छंगा, तारेश, बहादुर, जगदीश, माखन सिंह व पूर्व उपसरपंच काडू सिंह ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है, जबकि शेष लोग अब भी इंतजार की स्थिति में हैं।

हर हाल में हटाए जाएंगे अतिक्रमण

तसई सरपंच मुकेश सिंह चौहान ने स्पष्ट कहा कि सड़क की निर्धारित चौड़ाई में आने वाले सभी अतिक्रमण हर हाल में हटाए जाएंगे। पहले 15 अप्रेल को कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन लोगों को अतिरिक्त समय देने के चलते इसे बढ़ाकर 22 अप्रेल कर दिया गया।

कई लोगों ने खुद हटाया अतिक्रमण

अब इस तिथि को प्रशासन पुलिस जाब्ते के साथ कार्रवाई करेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शेष समय में स्वयं अतिक्रमण हटा लें, ताकि अनावश्यक नुकसान से बचा जा सके। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान तय सीमा से अधिक नुकसान होने की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।

सरपंच ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर सड़क बन चुकी है, वहां भी यदि चौड़ाई नालों सहित 24.5 फीट से कम पाई गई तो वहां भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत ग्रामीणों की सहमति से यह कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ स्थानों पर ठेकेदार द्वारा बिना खुदाई के सीसी सड़क बनाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इस पर विधायक रमेश खींची ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण से पहले खुदाई अनिवार्य है और यदि कहीं नियमों की अनदेखी हो रही है तो इसकी सूचना दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *