गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित गौरा सिंघनापुर ग्राम पंचायत के टपरी गांव में आज बुधवार सुबह छप्पर रखने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। यह विवाद गाली-गलौज, मारपीट और आगजनी में बदल गया। जानकारी के अनुसार, अयोध्या प्रसाद अपनी जमीन पर पुराना छप्पर हटाकर नया छप्पर लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के चंद्रशेखर अपने परिवार के साथ वहां पहुंचे और उन्हें छप्पर रखने से मना करने लगे। जब अयोध्या प्रसाद नहीं माने, तो चंद्रशेखर और उनके साथियों ने अयोध्या प्रसाद व उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली-गलौज का विरोध करने पर चंद्रशेखर और उनके साथियों ने अयोध्या प्रसाद व उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद चंद्रशेखर और उनके साथियों ने अयोध्या प्रसाद के छप्पर के मकान में आग लगा दी। इलाज के लिए भर्ती कराया इस घटना में अयोध्या प्रसाद और उनके परिवार के कई सदस्यों को चोटें आई हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। अयोध्या प्रसाद की तहरीर पर करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने चंद्रशेखर समेत कई लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और आगजनी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में चंद्रशेखर और उनके पक्ष के लोग अयोध्या प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते दिख रहे हैं। एक अन्य वीडियो में अयोध्या प्रसाद के छप्पर के मकान में भीषण आग लगी हुई है, जिसमें उनका मकान पूरी तरह जलकर राख होता दिख रहा है। दोनों पक्ष के लोगों में गाली गलौज वही करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि अयोध्या प्रसाद और चंद्रशेखर दोनों पक्ष के लोगों में आपसी गाली गलौज और मारपीट हुई है। साथ ही साथ छप्पर के मकान में आग भी लगा दी गई है पूरे मामले को लेकर मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।


