ननखड़ी की 7 पंचायतों में 48 घंटे से ‘ब्लैकआउट’:खड़ाहन बिजली सबस्टेशन में स्टाफ की कमी; लाइट न होने से जनजीवन प्रभावित

ननखड़ी की 7 पंचायतों में 48 घंटे से ‘ब्लैकआउट’:खड़ाहन बिजली सबस्टेशन में स्टाफ की कमी; लाइट न होने से जनजीवन प्रभावित

ननखड़ी तहसील की सात पंचायतों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। खड़ाहन सबस्टेशन पर स्टाफ की कमी के कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रभावित पंचायतों में खोलीघाट, जाहू, खड़ाहन, गाहन, अड्डू, बागलती और खुनी पनौली शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कल शाम 5 बजे से बनी हुई है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले भी सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण बिजली की बड़ी समस्या रहती थी। जरोल टीकर से रई बाहली तक की पुरानी लाइन अक्सर टूट जाती थी, जिससे कई दिनों तक अंधेरा रहता था। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने सरकार से नई लाइन डालने की मांग की थी। इसके बाद नीरथ से खड़ाहन के लिए एक नई लाइन डाली गई और खड़ाहन में एक नया सबस्टेशन भी बनाया गया। हालांकि, नया सबस्टेशन बनने के बावजूद भी इन सात पंचायतों के ग्रामीणों को लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। रात भर अंधेरे में रहने के कारण उन्हें भारी परेशानी हो रही है। परिवर्तन शिक्षा विकास संस्था के अध्यक्ष राजेश खुद, गगन ठाकुर, संजीव कुमार, संतोष कुमार, लव कुमार, सुलाक्षर, रमेश कुमार और सोहनलाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बिजली विभाग से इस समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की है। इस संबंध में एसडीओ प्रमोद चौहान ने बताया कि स्टाफ की कमी के चलते यह समस्या आ रही है। खड़ाहन सबस्टेशन में कोई स्थायी स्टाफ नहीं है। ननखड़ी से एक व्यक्ति को अस्थायी तौर पर नियुक्त किया गया है, जो सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ही अपनी सेवाएं देता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *