भाकियू ने महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि मनाई:देवरिया में कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

भाकियू ने महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि मनाई:देवरिया में कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को देवरिया में मनाई गई। भुजौली कॉलोनी स्थित भाकियू मंडल संयोजक शहीद ख्वाजा मंसूरी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान टिकैत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि किसानों की आवाज और संघर्ष की पहचान थे। उन्होंने किसानों को जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठाकर उनके अधिकारों की लड़ाई के लिए संगठित किया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आज भी जब किसान अपने हक की बात करता है, तो उसमें टिकैत जी की संघर्षशील सोच झलकती है। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय सिंह सैंथवार ने कहा कि टिकैत जी ने किसानों को सम्मान के साथ जीना सिखाया। उनका पूरा जीवन किसानों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई को समर्पित रहा। भाकियू जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण शाही उर्फ बड़े शाही ने वर्तमान किसान समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसान फसल का उचित मूल्य, बढ़ती लागत, बिजली, पानी और भूमि अधिग्रहण जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। शाही ने जोर दिया कि यदि किसान संगठित रहेगा तो हर संघर्ष में जीत हासिल कर सकता है। जिला संयोजक सदानंद यादव ने बताया कि महेंद्र सिंह टिकैत किसानों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनते थे। उन्होंने हमेशा शांतिपूर्ण लेकिन मजबूत आंदोलन का रास्ता अपनाया। यादव ने कहा कि नई पीढ़ी को टिकैत जी के संघर्ष और विचारों को समझने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में विनोद गुप्ता, धनंजय सिंह, श्यामदेव राय, हरेंद्र सिंह, मदन चौहान, मार्कण्डेय सिंह, अनिल मणि त्रिपाठी, गोविंद गुप्ता, सुरेन्द्र चौहान, दिग्विजय नारायण कुशवाहा, बृजेश यादव, विजयशंकर सिंह, नियाज अहमद, विजय चौरसिया, उमाशंकर सिंह, शेषनाथ सिंह, डॉ. सुरेन्द्र चौहान, सुदामा चौरसिया, रामकिशोर चौहान, सत्याग्रह सरोज और लल्लन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *