कानपुर में बीजेपी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान की शनिवार से शुरुआत हुई। शहर के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शामिल हुए। प्रशिक्षण वर्ग रविवार शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को संगठन और पार्टी की विचारधारा से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का असर भी कार्यक्रम में देखने को मिला। जिला पंचायत सदस्य स्वप्निल वरुण स्कूटी से प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचीं। कार्यक्रम में बीजेपी विधायक राहुल बच्चा सोनकर समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीजेपी नेता उपेन्द्र पासवान ने की। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में शनिवार को 6 और रविवार को 5 सत्र आयोजित होंगे। कुल 11 सत्रों में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और रचनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में बीजेपी का प्रशिक्षण वर्ग चल रहा है और इसी प्रक्रिया से कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यक्रम, कार्यकर्ता और कोष पर काम करने के साथ पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक ढांचे की जानकारी दी जाती है।
उन्होंने कहा, बीजेपी में बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी जाती है। अमित शाह बूथ अध्यक्ष से देश के गृहमंत्री बने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचारक से देश के प्रधानमंत्री बने हैं। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जब कोई कार्यकर्ता प्रशिक्षण लेकर देश का नेतृत्व करता है तो उसमें सेवा भाव जुड़ा होता है। सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अन्य दलों से अलग है और पार्टी को कार्यकर्ता अपनी मां मानते हैं।
मंत्री ने कहा कि बीजेपी की विचारधारा के कारण ही देश माओवादी, नक्सलवाद और वंशवाद से मुक्त हो रहा है। इसी सोच को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाता है।


