वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की बचत को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लोगों से ईंधन का आवश्यकता अनुसार उपयोग करने और वैकल्पिक ऊर्जा साधनों को अपनाने की अपील की। अभियान के तहत कार्यकर्ता इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर सवार होकर शहर के विभिन्न इलाकों और पेट्रोल पंपों तक पहुंचे। यहां उन्होंने पेट्रोल भरवाने आए लोगों से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लोगों से कहा कि पेट्रोल और डीजल जैसे संसाधनों का सीमित और जरूरत के अनुसार उपयोग करना देशहित में जरूरी है। पेट्रोल पंप पर लगाया स्टीकर कार्यक्रम के दौरान बीजेपी पिछड़ा वर्ग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथ जोड़कर लोगों से ईंधन बचाने की अपील करते नजर आए। कई स्थानों पर उन्होंने लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत भी किया और उन्हें जागरूकता संदेश से जुड़े स्टीकर वितरित किए। पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रधानमंत्री की अपील वाले स्टीकर भी चस्पा किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस संदेश से जुड़ सकें। जनता से इलेक्ट्रॉनिक वाहन से चलने की अपील करते दिखे BJP नेता बीजेपी पिछड़ा वर्ग काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां संभव हो वहां इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का उपयोग करें और पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत से बचें।


