BJP नेता Nitin Nabin ने Jaipur में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत दिलाई शपथ

BJP नेता Nitin Nabin ने Jaipur में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत दिलाई शपथ

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार सुबह यहां अल्बर्ट हॉल पर विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आयोजित स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। नवीन ने शपथ दिलाते हुए कहा, ‘‘हम हर वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह दो घंटे स्वच्छता के लिए समर्पित करेंगे। हम स्वच्छता को लेकर सजग और जागरूक रहेंगे।’’
बाद में उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा,‘‘ अब ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संकल्प आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशव्यापी जनभागीदारी का स्वरूप ले चुका है।

इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए आज जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के निमित्त स्वच्छता प्रहरियों के साथ स्वच्छता की शपथ ली, उनसे मिलकर हालचाल जाना तथा उन्हें सम्मानित किया।’’
इस दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद थे। नवीन व शर्मा ने स्वच्छता मित्रों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और बातचीत करके उनके हालचाल जाने।

साथ ही उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व डॉ. प्रेम चन्द बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा व डॉ. अलका गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा आमजन मौजूद थे। नवीन एक दिन के दौरे पर राजस्थान आए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *