सिरोही सदर थाना क्षेत्र में ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर एक सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए। शनि धाम मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घायलों में से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। तीनों को इलाज के लिए सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार पिंडवाड़ा के आमलिया रोड निवासी जगदीश कुमार, सोनू और सागर एक बाइक पर सवार होकर पिंडवाड़ा से सिरोही की ओर जा रहे थे। शनि धाम मंदिर के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस 108 के पायलट सुरेंद्र सिंह देवड़ा और मेल नर्स रोहित पाटीदार ने तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका इलाज शुरू किया। घायलों में जगदीश के जबड़े में गंभीर चोट बताई जा रही है। घटना की सूचना सिरोही सदर पुलिस को दे दी गई है, साथ ही घायल युवकों के परिजनों को भी सूचित किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डिवाइडर से टकराने के बाद मोटरसाइकिल खाई की तरफ गिर गई थी, जबकि घायल युवक सड़क किनारे गिरे थे।


