Bihar में शाम 7 बजे लड़कियां सुरक्षित क्यों नहीं, Jamui मामले पर Rahul Gandhi का वार

Bihar में शाम 7 बजे लड़कियां सुरक्षित क्यों नहीं, Jamui मामले पर Rahul Gandhi का वार

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार के जमुई में दो नाबालिग लड़के-लड़कियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने की घटना को लेकर सोमवार को राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि ‘‘शाम सात बजे के बाद कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?’’ उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का हवाला देते हुए यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत मामला चलाया जाना चाहिए तथा जल्द सजा होनी चाहिए। 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार सरकार जवाब दे कि शाम सात बजे के बाद कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?’’ उन्होंने दावा किया कि जमुई में 10वीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरन रोका गया और छात्रा का उत्पीड़न किया गया। गांधी ने कहा कि वीडियो में छात्रा हाथ जोड़कर उसे जाने देने की गुहार लगाती दिखाई देती है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग उसे कथित तौर पर गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे। राहुल ने कहा, ‘‘इन लोगों को ऐसी बदतमीज़ी करने का हक किसने दिया? यह ‘संस्कृति’ नहीं है, यह पितृसत्ता है।’’ 

उन्होंने आरोप लगाया कि यह सोच कि किसी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है, पितृसत्तात्मक मानसिकता को दर्शाती है। राहुल ने यह भी कहा कि जब इस तरह के नियंत्रण को संस्कृति मानकर सामान्य ठहराया जाता है तो ‘‘भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है।’’ कांग्रेस नेता ने वीडियो में दिखाई देने वाले सभी लोगों की पहचान किए जाने और कथित अपराधियों के खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत मामला चलाने तथा जल्द सजा दिलाने की मांग की। 

उन्होंने सवाल किया कि यदि घटना 19 सितंबर की है तो आरोपी अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? जमुई पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के अनुसार, घटना 19 सितंबर की शाम सात बजे की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है और इस मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *