लखनऊ पुलिस ने शहर में अवैध और यातायात नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे ई-रिक्शाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एक दिन चले इस सघन अभियान में 2201 ई-रिक्शाओं की जांच की गई। इनमें से 434 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 117 ई-रिक्शाओं को सीज कर दिया गया। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर सभी पांच जोनों में पुलिस उपायुक्तों, एसीपी और थाना प्रभारियों की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। बिना कागजात, ओवरलोडिंग और गलत पार्किंग पर कार्रवाई चेकिंग के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे ई-रिक्शा, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले चालक, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन तथा सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े होकर जाम की स्थिति पैदा करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया। पश्चिमी जोन में सबसे ज्यादा कार्रवाई पुलिस के आंकड़ों के अनुसार पश्चिमी जोन में सबसे अधिक 778 ई-रिक्शाओं की जांच की गई। यहां 190 चालान और 44 वाहन सीज किए गए। वहीं मध्य जोन में 553 वाहनों की जांच के दौरान 100 चालान और 26 सीज की कार्रवाई हुई। प्रमुख बाजारों और परिवहन केंद्रों पर चेकिंग अभियान के दौरान चारबाग रेलवे स्टेशन, आलमबाग बस स्टेशन, कैसरबाग बस अड्डा, हजरतगंज, परिवर्तन चौक, निशातगंज, मुंशी पुलिया, पॉलिटेक्निक चौराहा, कमता, चिनहट, गोमतीनगर रेलवे स्टेशन, आशियाना, बंगला बाजार, पीजीआई, दुबग्गा, चौक, अमीनाबाद, राजाजीपुरम और मड़ियांव सहित शहर के कई व्यस्त इलाकों में विशेष चेकिंग की गई। आगे भी जारी रहेगा अभियान पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने ई-रिक्शा चालकों से वैध दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की। जोन जांचे गए ई-रिक्शा चालान सीज उत्तरी 212 22 14 दक्षिणी 379 78 28 पूर्वी 279 44 5 पश्चिमी 778 190 44 मध्य 553 100 26 कुल 2201 434 117


