BHU मेस के खाने में मिला कीड़ा:कुलपति आवास के बाहर आंधी रात पहुंचे स्टूडेंट्स, सुरक्षाकर्मियों से हुई धक्का-मुक्की

BHU मेस के खाने में मिला कीड़ा:कुलपति आवास के बाहर आंधी रात पहुंचे स्टूडेंट्स, सुरक्षाकर्मियों से हुई धक्का-मुक्की

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद छात्रावास में मेस के खाने में कीड़ा मिलने पर बुधवार रात छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने हॉस्टल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ कुलपति आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि मेस के खाने में कीड़े मिलने की शिकायत पिछले कई दिनों से की जा रही थी, लेकिन वार्डन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बुधवार को दोबारा खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों का आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद वे कुलपति आवास पहुंचे और धरने पर बैठ गए। हॉस्टल की सुविधाओं पर भी उठाए सवाल धरने पर बैठे छात्रों ने मेस की गुणवत्ता के साथ हॉस्टल की अन्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि छात्रावास में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद खराब है। वहीं, पांच में से तीन वाटर कूलर खराब पड़े हैं, जिससे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने निजता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गैरमौजूदगी में एडमिन वार्डन उनके कमरों में प्रवेश करते हैं। छात्रों ने इन समस्याओं को गंभीर बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप कुलपति आवास के बाहर धरना दे रहे छात्रों ने मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों पर धक्कामुक्की और बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया। छात्रों की मांग थी कि विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें और समाधान सुनिश्चित करें। मौके पर पुलिस भी पहुंची और छात्रों ने सड़क पर धरना न करने की चेतावनी देने लगी। हालांकि छात्रों ने कोई जवाब न देते हुए कहा कि कुलपति हमारे बातों को सुने।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *