इटावा में सैफई थाना तिराहे के पास सोमवार रात हुए सड़क हादसे में घायल दूसरे छात्र की भी मौत हो गई। बुधवार शाम औरैया निवासी अंबुज शुक्ला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले बलिया निवासी आकाश गुप्ता की मौत हो गई थी। हादसे में घायल तीसरे छात्र गोंडा निवासी जयकिशन यादव का इलाज चल रहा है। बाइक में डंपर ने मारी थी टक्कर जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10:30 बजे अंबुज शुक्ला बाइक से अपने दो साथियों आकाश गुप्ता और जयकिशन यादव को लेकर इटावा की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान सैफई थाना तिराहे के पास मैनपुरी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया टक्कर के बाद डंपर अनियंत्रित होकर थाने के मुख्य गेट के पास पुलिस अभिरक्षा में खड़े बालू लदे दूसरे डंपर से भी टकरा गया। बताया गया कि हादसे के समय तीनों छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना था। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र के गड़वार थाना अंतर्गत निवासी 21 वर्षीय आकाश गुप्ता पुत्र जय प्रकाश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अंबुज शुक्ला पुत्र रविशंकर शुक्ला का उपचार चल रहा था। बुधवार शाम उनकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल जयकिशन यादव पुत्र तेज बहादुर सिंह निवासी रानीपुरवा, जिला गोंडा का अस्पताल में उपचार जारी है। उनके परिजन उनकी हालत को लेकर चिंतित हैं एक ही बैच के थे तीनों छात्र तीनों छात्र उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के पैरामेडिकल विज्ञान महाविद्यालय में बीएससी नर्सिंग के वर्ष 2022 बैच के विद्यार्थी थे। एक ही बैच के दो छात्रों की मौत से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और परिचितों में शोक है। दोनों परिवारों में मातम पसरा है।

