Bharatpur Ring Road : भरतपुर में फ्लाईओवर के स्थान पर रिंग रोड करें 6 लेन, सीएम भजनलाल को दिया सुझाव, जानें फायदे

Bharatpur Ring Road : भरतपुर में फ्लाईओवर के स्थान पर रिंग रोड करें 6 लेन, सीएम भजनलाल को दिया सुझाव, जानें फायदे

Bharatpur Ring Road : राजस्थान सरकार की ओर से शहर में करीब 370 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे फ्लाईओवरों के स्थान पर यदि रिंग रोड को सिक्स लेन में परिवर्तित कर दिया जाता है तो लागत राशि की बचत होगी। वहीं इनके निर्माण के कारण जनता को हो रही भारी परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी। इस सम्बन्ध में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर आग्रह किया है कि फ्लाई ओवरों के निर्माण की गति इतनी धीमी है कि निर्माण का मात्र 2 प्रतिशत ही काम हुआ है।

सीताराम गुप्ता ने कहा कि इन फ्लाई ओवरों के स्थान पर रिंग रोड के सिक्स लेन बनाने के बाद बचत राशि का उपयोग सुजान गंगा के जीर्णोद्धार व सेवर से ऊँचा नगला तक एलीवेटेड रोड का निर्माण जैसे कार्यों में किया जा सकता है।

सीताराम गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में काली की बगीची से सूरजपोल चौराहा तथा हीरादास बस स्टैंड से कुम्हेर गेट तक बनाए जा रहे फ्लाई ओवरों की निर्माण गति अत्यंत धीमी है। करीब 370 करोड़ रुपए की लागत वाली इन परियोजनाओं का अभी तक बहुत कम कार्य हुआ है और जिस गति से निर्माण कार्य चल रहा है, उससे इनके पूरा होने में लगभग तीन वर्ष या उससे अधिक समय लग सकता है। जिसका उदाहरण नदबई कस्बे में बने रेलवे ओवर ब्रिज का देखा जा सकता है जिसे पूरा होने में करीब 15 वर्ष लगे।

पर्यटकों को हो रही भारी परेशानी

सीताराम गुप्ता ने कहा कि निर्माण कार्य के कारण जगह-जगह सड़कें संकरी हो गई हैं तथा ट्रेफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। इससे आमजन, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं बाहर से आने वाले पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिदिन घंटों ट्रैफिक जाम में पड़ रहा है फंसना

सीताराम गुप्ता ने कहा कि भरतपुर शहर पहले से ही संकरी सड़कों, बढ़ते ट्रैफिक दबाव और पार्किंग समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में लंबे समय तक चलने वाले फ्लाई ओवर निर्माण कार्य शहर की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रहे हैं। व्यापारिक क्षेत्रों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है तथा लोगों को प्रतिदिन घंटों ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ रहा है।

निदेशक सीताराम गुप्ता ने सुझाव दिया सुझाव

निदेशक सीताराम गुप्ता ने सुझाव दिया कि यदि इन फ्लाई ओवरों के स्थान पर भरतपुर की रिंग रोड को आधुनिक स्वरूप देते हुए सिक्स लेन में विकसित किया जाए तो न केवल यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, बल्कि शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव भी कम होगा। रिंग रोड के सिक्स लेन बनने से शहर का विस्तार व्यवस्थित तरीके से होगा तथा भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *