शादी का सेहरा बांधने से पहले कफन में लिपटकर घर पहुंचा युवक… मातम में बदल गई शादी की खुशियां

शादी का सेहरा बांधने से पहले कफन में लिपटकर घर पहुंचा युवक… मातम में बदल गई शादी की खुशियां

गोंडा जिले के एक युवक की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं। जब घर लौटते समय सड़क हादसे में उसकी जान चली गई। लुधियाना से अपने गांव आ रहा युवक आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना का शिकार हो गया। जिस युवक के सिर पर कुछ ही दिनों में सेहरा सजना था। वह कफन में लिपटकर घर पहुंचा। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।

गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के चरसंडी गांव के रहने वाले 21 वर्षीय माधौ की शादी 5 मई को तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। घर में खुशियों का माहौल था। इसी बीच माधौ अपने दोस्त पिंटू के साथ लुधियाना से बाइक से अपने गांव लौट रहा था। दोनों वहां फर्नीचर का काम करते थे। शादी के चलते घर वापस आ रहे थे। शुक्रवार को जब वे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम थाना क्षेत्र के पास पहुंचे। तभी उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एक्सप्रेसवे की टीम को सूचना दी।

मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

यूपीडा की टीम ने बिना देरी किए दोनों घायलों को नजदीकी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद माधौ को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके साथी पिंटू का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि पिंटू को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही माधौ के परिजनों में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस, जहां बज रही थी शहनाई वहां पसरा मातम

परिजनों ने बताया कि माधौ पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नेपाल सीमा के पास एक गांव में तय थी। घर में शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। जिस घर में शहनाई बजने वाली थी। वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *