Azamgarh News: तमसा नदी में तैरती मिली नाबालिग की लाश, दुष्कर्म की आशंका

Azamgarh News: तमसा नदी में तैरती मिली नाबालिग की लाश, दुष्कर्म की आशंका

आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटौली गांव में 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई, जबकि पुलिस की प्रारंभिक कार्यवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।परिवार के अनुसार, 15 मार्च की शाम को छात्रा शिवांगी प्रजापति अचानक घर से लापता हो गई। सूचना मिलते ही परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और लिखित शिकायत देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इसे मात्र गुमशुदगी के रूप में दर्ज किया।

परिवार का दावा है कि यदि शुरुआत में ही गंभीरता से कार्रवाई होती तो शायद बेटी की जान बचाई जा सकती थी। दो दिन बाद 17 मार्च को तमसा नदी में छात्रा का शव मिला, जिससे पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शव की हालत को देखकर परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का संदेह जताया है। आरोप है कि पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसके मोबाइल की जांच की, जिसमें आपत्तिजनक बातचीत सामने आई, फिर भी अब तक कोई निर्णायक कदम नहीं उठाया गया।शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर दुष्कर्म एवं हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने, शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी ने उचित कार्रवाई और गहन जांच का भरोसा दिया है।घटना के बाद खुटौली और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी रोष है। ग्रामीण आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल जांच में जुटी हुई है और मामले की सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *