Sobhana Mostary made history: सोभाना मोस्तारी ने ब्रिस्बेन में इतिहास रच दिया। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाली बांग्लादेश की पहली महिला क्रिकेटर बन गईं।
AUS Women vs BAN Women: बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटरों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला ब्रिस्बेन में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 221 रनों का लक्ष्य दिया है। बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 220 रन बनाए।
सोभाना मोस्तारी का ऐतिहासिक शतक
बांग्लादेश की महिला क्रिकेटर सोभाना मोस्तारी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। सोभाना मोस्तारी ने 118 रन की पारी के दौरान 134 गेंदों का सामना किया और 18 चौके लगाए। इस शानदार पारी की बदौलत वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाली बांग्लादेश की पहली महिला क्रिकेटर बन गईं।
कप्तान निगार सुल्ताना ने बनाए 74 रन
बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 74 रन की नाबाद और संघर्षपूर्ण पारी के दौरान 114 गेंदों का सामना किया और 7 चौके लगाए। सोभाना मोस्तारी और निगार सुल्ताना की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत बांग्लादेश सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रहा। इनके अलावा बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम की अन्य कोई भी खिलाड़ी दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सकी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए मेगन शट ने लिए 4 विकेट
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की ओर से मेगन शट सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 10 ओवर में 36 रन देकर 4 विकेट झटके। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 3.60 रही और उन्होंने एक मेडन ओवर भी डाला। उनके अलावा किम गार्थ ने किफायती गेंदबाजी की, लेकिन वह केवल एक विकेट ही ले सकीं। उन्होंने 10 ओवर में 35 रन देकर 1 विकेट लिया। उनकी इकॉनमी रेट 3.50 रही। ऑस्ट्रेलिया की ओर से अन्य कोई गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं हो सका।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 1-0 से आगे
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश से 1-0 से आगे हैं। ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने पहले वनडे मैच में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया था। बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम ने पहले वनडे मैच में 49.4 ओवर में 166 रन बनाए थे, जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 24.4 ओवर में 3 विकेट पर 168 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
Sports – Patrika | CMS


