AUS vs BAN: 11 खिलाड़ियों को मिलना चाहिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड! जीत के बाद बांग्लादेशी कप्तान का बड़ा बयान

AUS vs BAN: 11 खिलाड़ियों को मिलना चाहिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड! जीत के बाद बांग्लादेशी कप्तान का बड़ा बयान

Australia vs Bangladesh Test 2026: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट को 9 विकेट से अपने नाम कर इतिहास रच दिया। जीत के बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने पूरी टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक खिलाड़ी के दम पर नहीं, बल्कि सभी 11 खिलाड़ियों के योगदान का नतीजा है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि बांग्लादेशी टीम को प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी दी जानी चाहिए। सभी 11 खिलाड़ियों ने किसी न किसी तरह योगदान दिया।”

ऑस्ट्रेलिया में बांग्लादेश की पहली जीत

डार्विन टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया सिर्फ 198 रन पर सिमट गई थी। जवाब में बांग्लादेश ने 426 रन बनाकर 228 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 284 रन बनाए और बांग्लादेश के सामने 57 रनों का लक्ष्य रखा। बांग्लादेश ने इसे सिर्फ 14.2 ओवर में एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर यह बांग्लादेश की पहली टेस्ट जीत है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया में अपने तीसरे टेस्ट मैच में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने पहले ही दिन मुकाबले पर पकड़ बना ली थी। इसके बाद तंजीद हसन के पहले टेस्ट शतक, निचले क्रम के बल्लेबाजों के अहम योगदान और मेहदी हसन मिराज के ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम की जीत की नींव मजबूत की। हसन महमूद ने मैच में कुल 9 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, कप्तान शांतो का मानना है कि यह पुरस्कार पूरी टीम को मिलना चाहिए था।

शांतो ने नीचले क्रम के बल्लेबाजों की जमकर की तारीफ

शांतो ने निचले क्रम के बल्लेबाजों की तारीफ की। कप्तान ने कहा कि आमतौर पर निचले क्रम से बल्लेबाजी में ज्यादा योगदान नहीं मिलता, लेकिन इस मुकाबले में उनके रनों ने टीम को 426 तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शांतो ने कहा कि मैच के पहले सेशन में हसन महमूद, तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन की गेंदबाजी ने मुकाबले का माहौल बदल दिया था। उन्होंने हसन की लगातार अच्छी फॉर्म की भी तारीफ की। कप्तान ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया आने से पहले हसन ने काउंटी क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया था और वहां के हालात को ऑस्ट्रेलिया के हालात से मिलता-जुलता बताया था।

शांतो ने मेहदी हसन मिराज के प्रदर्शन की भी तारीफ की। मिराज ने गेंद और बल्ले दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने टेस्ट करियर में 15वीं बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। वहीं, तैजुल इस्लाम ने दूसरी पारी में मार्नस लाबुशेन का महत्वपूर्ण विकेट लिया और चोटिल उंगली के बावजूद बल्ले से जरूरी रन बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *