AUS vs BAN: बांग्लादेश से शर्मनाक हार के बाद निशाने पर ऑस्ट्रेलिया के सीनियर खिलाड़ी, टीम इंडिया की तरह बदलाव की मिली सलाह

AUS vs BAN: बांग्लादेश से शर्मनाक हार के बाद निशाने पर ऑस्ट्रेलिया के सीनियर खिलाड़ी, टीम इंडिया की तरह बदलाव की मिली सलाह

AUS vs BAN 1st Test Reactions: डार्विन में बांग्लादेश से मिली पहले टेस्ट में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने टेस्ट टीम में बदलाव की मांग की है। दुनिया की नौवें नंबर की बांग्लादेश के खिलाफ पूरी ताकत के साथ खेलने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे। पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने तो ओपनर्स को बदलने की मांग रख दी। आपको बता दें कि इस मैच में ट्रेविस हेड और जैक वेदराल्ड ने सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाई। ये दोनों बल्लेबाज 30+ साल के हैं। पोटिंग ने इशारों ही इशारों में टीम इंडिया की राह पर मैनेजमेंट को चलने की सलाह दे डाली।

पोटिंग ने दी बदलाव की सलाह

पिछले WTC में हार के बाद टीम इंडिया में बड़े बदलाव हुए। रोहित शर्मा, विराट कोहली और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया। उनकी जगह युवाओं को मौका दिया गया। पोटिंग ने भी टीम में युवाओं को शामिल करने की मांग की। पोंटिंग ने कहा कि बदलाव के लिए कई कारण मौजूद हैं। पोंटिंग ने कहा, “यह वाकई बहुत शर्मनाक हार है। मुझे लगता है कि बदलाव करना जरूरी है। पिछली गर्मियों के आखिर में ही मैंने कहा था कि टीम को फिर से तैयार करने का यह सही समय है, क्योंकि कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा ही रहा है।”

ओपनर्स को रिप्लेस करने की मांग

पोंटिंग ने कहा कि वह बदलाव की मांग करने वाले आखिरी व्यक्ति होंगे, लेकिन प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें लगता है कि यह जरूरी है। उन्होंने कहा, “देखिए, मैं बदलाव करने के पक्ष में सबसे आखिर में रहूंगा। एक कप्तान या खिलाड़ी के तौर पर मैं हमेशा टीम को एकजुट रखना चाहता था। जब तक हालात बहुत खराब न हो जाएं, मैं किसी को बाहर करने की बात नहीं करता। हालांकि, यहां आने से पहले ही मुझे ऐसे कई संकेत मिल गए थे, जिनसे लगा कि टीम में बदलाव करने का सही समय आ गया है। अगर किसी नए खिलाड़ी को ओपनिंग या नंबर-3 की जगह मौका दिया जाए, तो टीम को ज्यादा नुकसान नहीं होगा। मेरे हिसाब से अब ऐसा कदम उठाया जाना चाहिए।”

पहली पारी में 198 पर ढेर हुई थी ऑस्ट्रेलिया

डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 198 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इसके जवाब में बांग्लादेश ने 426 रन बनाते हुए 228 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में कैमरून ग्रीन के शतक के बावजूद कंगारू टीम 284 रन ही बना सकी और मेजबान टीम ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 57 रनों का लक्ष्य रखा। बांग्लादेश ने इस लक्ष्य को आसानी से एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।

यह बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट में पहली जीत है। इस हार ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम को लेकर चल रही बहस को और तेज कर दिया है। पोंटिंग के बयान के बाद अब टीम में युवा बल्लेबाजों को मौका देने और मौजूदा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा किए जाने की चर्चा तेज हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *