पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में मंगलवार को आयोजित परेड में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए नियमित अभ्यास पर जोर दिया। परेड निरीक्षण के बाद एएसपी ने पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई। इसके बाद उन्होंने यूपी-112 और विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की गहनता से जांच की। पीआरवी वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मियों से दंगा नियंत्रण और सुरक्षा से संबंधित उपकरणों की उपलब्धता एवं उनके उपयोग के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही वाहनों में रखे सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द, स्टोर, परिवहन शाखा, मेस और पुलिस बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। एएसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने और वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की फिटनेस के साथ-साथ ड्यूटी में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों की स्थिति बेहतर रहना जरूरी है। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

