Shreyas Iyer: Asian Games 2026 में क्रिकेट इवेंट से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया जीत के साथ लौटेगी और देश को गर्व महसूस कराएगी। बता दें कि एशियन गेम्स में भारत डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगा।
Shreyas Iyer on Asian Games 2026: भारत की टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह उनका एशियन गेम्स डेब्यू होगा। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे अय्यर ने जापान के खिलाफ भारत के पहले मैच की अहमियत बताते हुए बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि वह हॉकी खिलाड़ियों और ओलंपियनों समेत दूसरे खेलों के एथलीटों से बातचीत करने लिए भी उत्सुक हैं। भारतीय टीम एक देश के तौर पर गेम्स में जाएगी और जीत के साथ लौटेगी और देश को गर्व महसूस कराएगी।
बता दें कि एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा। इस मेगा इवेंट में पुरुषों की क्रिकेट प्रतिस्पर्धा 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगी।
‘पहला मैच जापान के खिलाफ, एक ऐतिहासिक मौका’
श्रेयस ने कहा कि यह निश्चित रूप से मेरे और टीम के लिए भी एक रोमांचक समय है। यह मेरा पहला एशियन गेम्स होगा, जबकि टीम के कुछ खिलाड़ी पिछले एडिशन में पहले ही हिस्सा ले चुके हैं। इसलिए यह हम सभी के लिए रोमांचक समय है। हमारा पहला मैच जापान के खिलाफ है, जो एक ऐतिहासिक मौका होने वाला है।
‘हम जीत के साथ लौटेंगे और देश को गर्व महसूस कराएंगे’
उन्होंने आगे कहा कि हॉकी खिलाड़ियों और वहां मौजूद दूसरे ओलंपिक एथलीटों के साथ अपना अनुभव शेयर करना निश्चित रूप से एक शानदार मौका होगा। मैं उनसे बातचीत करने, उनकी सोच को समझने और उम्मीद है कि उनके कुछ इवेंट्स में शामिल होकर उनका हौसला बढ़ाने के लिए बहुत उत्सुक हूं। हम वहां एक देश के तौर पर जा रहे हैं और हम निश्चित रूप से यह पक्का करना चाहेंगे कि हम जीत के साथ लौटेंगे और देश को गर्व महसूस कराएंगे।
भारतीय टीम में अनुभवी और युवाओं का मिश्रण
एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के क्रिकेट इवेंट में भारत की लीडरशिप अय्यर करेंगे, जिसमें अनुभव, युवा और ऑल-राउंड ऑप्शन वाली एक मजबूत टीम होगी। 15 सदस्यीय टीम में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे बड़े नाम के अलावा अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और वैभव सूर्यवंशी जैसे उभरते हुए टैलेंटेड खिलाड़ी भी हैं।
एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।
Sports – Patrika | CMS



