-कोठीबाजार क्षेत्र में हंगामा, सीएमओ के समझाने पर शांत हुआ मामला, शहर में रोजाना चलेगा विशेष अभियान।
बैतूल। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बैतूल ने रविवार सुबह विशेष अभियान शुरू किया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर अस्थायी रूप से लगाई जा रही फल, सब्जी एवं अन्य दुकानों को हटाकर निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित करने की कार्रवाई की गई।
नगरपालिका का यह अभियान सुबह 8.30 बजे शुरू हुआ, लेकिन करीब 10 बजे कोठीबाजार क्षेत्र में उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब ज्योति टॉकीज के सामने स्थित एक अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीन पहुंची। जेसीबी को देखते ही दुकानदार शेख मोहम्मद हफीज ने स्वयं के ऊपर पेट्रोल डाल लिया और दुकान नहीं हटाने की जिद पर अड़ गया। अचानक बने इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार तत्काल हटने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद सीएमओ ने दुकानदार को दुकान पीछे करने तथा सात दिन के भीतर दुकान हटाकर विस्थापित स्थान पर लगाने का अल्टीमेटम दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ और संभावित बड़ा हादसा टल गया। दुकानदार शेख मोहम्मद हफीज का कहना है कि नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने से पहले उन्हें कोई नोटिस जारी नहीं किया गया। अचानक अमला जेसीबी मशीन लेकर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में त्योहारी सीजन चल रहा है और यही उनकी दुकानदारी का प्रमुख समय है। यदि इस समय दुकान हटाई जाती है तो उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा। उन्होंने प्रशासन से कम से कम एक माह का समय देने की मांग की। विवाद के बाद नगर पालिका का अतिक्रमण हटाने वाला अमला मौके से वापस लौट गया। इसके बाद क्षेत्र में आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। सीएमओ नवनीत पांडे ने बताया कि यह विशेष अभियान प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक चलाया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शहर को तीन प्रमुख क्षेत्रों में विभाजित कर अलग-अलग दल गठित किए गए हैं। गंज क्षेत्र में परसराम चौक, कॉलेज रोड, बाबू चौक सहित अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाकर दुकानदारों को व्यवस्थित रूप से शिफ्ट किया जाएगा। नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी की आजीविका प्रभावित करना नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना और आम नागरिकों को राहत देना है।


