मध्यप्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी सर्जरी करते हुए गृह विभाग ने आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। 2014 बैच के आईपीएस अनुराग सुजानिया को सागर जिले का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, सागर एसपी की जिम्मेदारी संभाल रहे विकास सहवाल का तबादला भोपाल डीसीपी के पद पर कर दिया गया है। AIG पुलिस मुख्यालय से सागर भेजे गए सुजानिया
सागर जिले की कमान संभालने वाले नए एसपी अनुराग सुजानिया मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। सागर पदस्थापना से पहले वे पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इससे पूर्व वे एसडीओपी करैरा के साथ ही मंदसौर और मुरैना जिले के एसपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। कटरबाजों पर अंकुश लगाना होगी बड़ी चुनौती
नए कप्तान सुजानिया के सामने शहर समेत पूरे जिले में अपराध पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने की चुनौती होगी। शहर में इन दिनों कटरबाजों का भारी उत्पात है, जो आए दिन नई वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसके साथ ही नए एसपी को आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए भी विशेष रूप से काम करना होगा। अगस्त 2024 में सागर एसपी बने थे विकास सहवाल
भोपाल ट्रांसफर किए गए विकास सहवाल ने अगस्त 2024 में सागर जिले के कप्तान की कमान संभाली थी। जिले में तैनाती के दौरान उन्होंने आम जनता से काफी दूरी बनाकर रखी। वे ज्यादातर मौकों पर जिले के कलेक्टर के साथ ही शासकीय निरीक्षणों में नजर आते थे। विपक्षी दल लगाते रहे फील्ड से गायब रहने के आरोप
फील्ड में कम नजर आने के कारण कांग्रेस सहित अन्य संगठन अक्सर एसपी सहवाल पर सवाल उठाते रहे हैं। हालांकि, उनके कार्यकाल का एक सकारात्मक पहलू भी देखने को मिला। एसपी सहवाल के समय सागर जिले में दबावपूर्ण और एकतरफा कार्रवाइयों पर काफी हद तक अंकुश लगा था।


