Ankit Balyan Murder Case: Shamli Police ने दो फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाकर किया 1 लाख रुपये

Ankit Balyan Murder Case: Shamli Police ने दो फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाकर किया 1 लाख रुपये

मुजफ्फरनगर (उप्र), चार सितंबर शामली पुलिस ने हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में अब भी फरार दो कथित शूटरों की तलाश तेज कर दी है, साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने पर इनाम दोगुना कर एक लाख रुपये कर दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दो वांछित आरोपियों, जिनकी पहचान हरियाणा के सत्यम और आर्यन के रूप में हुई है, पर पहले 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है।

सिंह ने कहा, ‘‘पुलिस दलों ने शेष दो आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।’’
बालियान (32) की 26 अगस्त को शामली में एक जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने पहले कहा था कि जब वह अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे तो दो मोटरसाइकिल पर सवार चार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने कहा था कि 31 अगस्त को शामली में पुलिस के साथ मुठभेड़ में इस घटना के दो संदिग्ध शूटर मोहित (22) और सुमित (24) मारे गए थे।

उनके पास से तीन पिस्तौल और 26 कारतूस बरामद किए गए थे। इस हत्या को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने ‘‘पूर्व नियोजित साजिश’’ के रूप में वर्णित किया था। वहीं, जांचकर्ता गोगी गिरोह से जुड़े एक नेटवर्क की संदिग्ध संलिप्तता की जांच कर रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस शेष आरोपियों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में छापेमारी कर रही है और हत्या से पहले और बाद में उनकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है। गायक के परिवार ने मुठभेड़ में दो संदिग्धों के मारे जाने का स्वागत किया था, लेकिन मांग की थी कि शेष आरोपियों को भी ‘खत्म’ कर दिया जाए। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मुठभेड़ के बाद बालियान के परिवार से मुलाकात की थी और कानूनी और पुलिस व्यवस्था में विश्वास रखने का आग्रह किया था।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शोक संतप्त परिवार से बात की थी और अपनी पार्टी की ओर से समर्थन जताया था। पुलिस ने कहा कि हत्या और व्यापक साजिश की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *