Ahmedabad: पेरोल पर छूटने के बाद फरार कैदी ने बॉलीवुड फिल्मों में किया काम, 12 साल बाद गिरफ्तार

Ahmedabad: पेरोल पर छूटने के बाद फरार कैदी ने बॉलीवुड फिल्मों में किया काम, 12 साल बाद गिरफ्तार

Ahmedabad. हत्या के आरोप में आजीवन कैद की सजा होने पर छह सालों तक जेल में सजा काटने के बाद पेरोल पर छूट कर फरार हुए एक शातिर कैदी को शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के घी कांटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दिलचस्प बात यह है कि इस कैदी ने एक दो नहीं बल्कि पूरे 12 सालों तक पुलिस की आंखों में धूल झोंकने में सफलता पाई। इतना ही नहीं, नजरों के सामने होते हुए भी यह पकड़ से दूर रहा। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस कैदी ने फरार होने के बाद अपना नाम बदलकर अभिनय के क्षेत्र में भाग्य आजमाया, जिसमें वह काफी पद तक सफल भी हुआ। उसने बॉलीवुड दिग्गज और महानायक के नाम से मशहूर अमिताभ बच्चन, आमिर खान और रणवीर सिंह जैसे कलाकारों के साथ बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय तक किया है।

क्राइम ब्रांच के उपायुक्त (डीसीपी) अजीत राज्यान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का असली नाम हेमंत मोदी (वैष्णव) है। 53 वर्ष का आरोपी मूलरूप से नरोडा थाना क्षेत्र में सैजपुर बोघा स्थित दास की चाली का रहने वाला है जो 2014 से फरार था। इसे 12 सालों के बाद 20 मई को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

2005 में की हत्या में हुई आजीवन कैद की सजा

क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी हेमंत मोदी ने वर्ष 2005 में उसकी चाली में ही रहने वाली महिला के परिचितों के साथ कहासुनी और झगड़ा किया था। इस दौरान 15 जून 2005 की रात को किए हमले में नरेन्द्र कामली नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में इसे गिरफ्तार किया गया था। 27 अगस्त 2008 में इस मामले में दोषी करार देते हुए उसे आजीवन कैद की सजा सुनाई गई थी। करीब छह साल तक जेल में रहने के बाद गुजरात हाईकोर्ट के आदेश पर आरोपी 25 जुलाई 2014 को 30 दिन की पेरोल पर जेल से बाहर आया था। उसके बाद वह फरार हो गया था।

नाम, वेशभूषा बदलकर रहता

क्राइम ब्रांच के तहत आरोपी ने अपना नाम बदलकर ट्विंकल दवे रख लिया। फरार होकर यह कुछ दिन पाटण में रहा और फिर मुंबई चला गया। उसे पहले से एक्टिंग आती थी। इसलिए उसने मुंबई में नाटकों में सपोर्टिंग एक्टर के रूप में अभिनय की शुरूआत की। पीजी में रहकर काम करते हुए आरोपी ने 2017 से 2025 तक कई हिंदी और गुजराती फिल्मों में काम किया। वेबसीरीज, 20 से ज्यादा गुजराती फिल्मों में भी काम किया है।

फिल्म ठग्स ऑफ हिंदुस्तान में किया काम

क्राइम ब्रांच के तहत आरोपी हेमंत ने बॉलीवुड फिल्म ठग्स ऑफ हिंदुस्तान में अमिताभ बच्चन, आमिरखान के साथ काम किया। इसके अलावा जयेशभाई जोरदार में यह रणवीर सिंह के साथ काम कर चुका है। इतना ही नहीं, आरोपी आने वाली बॉलीवुड फिल्म लाहौर 1947 और मेट्रो इन दिनों में भी किरदार निभा चुका है। इमरान हाशमी के साथ वेबसीरीज में भी काम किया है और वागले की दुनिया और मेरे साइं धारावाहिकों में अभिनय कर चुका है। कई थियेटर किए हैं, जिसमें युगपुरुष और गांधी विरुद्ध गोडसे शामिल हैं।

गुजराती धारावाहिक में काम करने आया अहमदाबाद

सूत्रों के तहत आरोपी गुजराती धारावाहिक मोटीबा नी नानी वहु में काम करने को अहमदाबाद आया। वह घी कांटा क्षेत्र में किराए पर मकान लेकर रह रहा था। इसकी सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश देकर इसे पकड़ा और पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *