Ahmedabad. शहर के निकोल थाना क्षेत्र में पुलिस और स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) की संयुक्त टीम ने विदेशी शराब के नाम पर लोगों से की जा रही धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया। पुलिस ने सस्ती ब्रांड की विदेशी शराब को महंगी ब्रांड्स की बोतलों में भरकर ऊंचे दामों में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। इससे जुड़े एक शातिर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार बताया जाता है।
इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कृणाल देसाई ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि पुख्ता सूचना मिली थी जिसके अनुसार आरोपी सुनील उर्फ सोनू माखीजा (सिंधी) (26) निकोल के अटल आवास योजना में रहता है। वह कुबेरनगर के दिनेश झंडावाला के साथ मिलकर विदेशी शराब का अवैध कारोबार करता है। कुबेरनगर में महंगी शराब की बोतलों में सस्ती शराब भरने और ब्रांडेड शराब की बोतल का स्टीकर लगाने लगाकर बेचते थे। पकड़ा गया सुनील सौ से दो सौ रुपए लाभ लेकर बोतल को बेच देता था। वह एक या दो बोतल ही लाता था। इसके पास दुपहिया वाहन से एक शराब की बोतल बरामद की गई।
कबाड़ वाले से खरीदते थे खाली शराब की बोतलें
एसीपी के तहत दोनों आरोपी अपने आर्थिक फायदे के लिए सस्ती ब्रांड की शराब को खाली की गई महंगी ब्रांडेड बोतलों में री-फिल करते थे। फिर ग्राहकों को असली बताकर महंगे दामों में बेचते थे। इसके लिए महंगे ब्रांड की खाली शराब की बोतलों को ये कबाड़ वाले के पास से खरीदते थे। एसएमसी गांधीनगर और निकोल पुलिस स्टेशन की टीम को जब इस फर्जीवाड़े की सूचना मिली, तो दोनों टीमों ने गुरुवार को संयुक्त रूप से निकोल में दबिश देकर आरोपी सुनील उर्फ सोनू को विदेशी शराब की एक बोतल के साथ दबोच लिया। निकोल थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी दिनेश झंडावाला की तलाश में जुटी है। आरोपी महंगी ब्रांड की खाली बोतल में सिर्फ फ्लेवर मिलाते थे या फिर पानी मिलाते थे। दिनेश के विरुद्ध पहले भी कई मामले दर्ज हुए हैं। कुबेरनगर में दिनेश के यहां दबिश देने पर वहां से शराब की बोतलें मिली हैं।
आरोपी को 24 तक रिमाण्ड पर भेजा
इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी को निकोल पुलिस ने स्थानीय अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी का 24 अगस्त तक का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।

