हरदोई में अधिवक्ता परिषद अवध की जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को हरदोई बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी कक्ष में संपन्न हुई। इसमें परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय और प्रांतीय कोषाध्यक्ष प्रेम चंद्र राय ने भाग लिया। उन्होंने जिला इकाई के पदाधिकारियों के साथ संगठन की गतिविधियों, सदस्यता विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। प्रांतीय पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और बाबा नीब करौली पंचवटी की स्मृति तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की गई और विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए अनिल कुमार पाण्डेय ने संगठन की मजबूती के लिए सभी इकाइयों को सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने जिला इकाई से केंद्रांश शीघ्र एकत्र कर प्रांत को भेजने का आग्रह किया। पाण्डेय ने परिषद की विचारधारा और गतिविधियों को अधिक से अधिक अधिवक्ताओं तक पहुंचाने के लिए ‘न्याय प्रवाह’ पत्रिका की सदस्यता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका वैचारिक संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रांतीय कोषाध्यक्ष प्रेम चंद्र राय ने संगठनात्मक अनुशासन और नियमित गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मासिक बैठकों का नियमित आयोजन संगठन को सशक्त बनाता है। राय ने अधिवक्ताओं के बौद्धिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए स्वाध्याय मंडल बैठकों को निरंतर संचालित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, नियमित संवाद और वैचारिक कार्यक्रम संगठन की ऊर्जा और सक्रियता बनाए रखने में सहायक होते हैं। बैठक में जिला अध्यक्ष रामेंद्र अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष सुनीत कुमार बाजपेयी, ओम निवेदन वर्मा, हरिप्रित कौर, महामंत्री राहुल सिंह, कोषाध्यक्ष अरूणेश बाजपेयी, सचिव ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अनुराधा अग्रवाल, रोहित द्विवेदी, पूर्व प्रांतीय मंत्री अरविंद सिंह गौर, एडीजीसी रेवेन्यू पंकज गुप्ता, कृपाल राठौर, विधि पत्रकार राजीब मिश्र, सौरभ सिंह और आशुतोष राठौर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। अंत में जिला अध्यक्ष रामेंद्र अग्निहोत्री ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और ‘न्याय प्रवाह’ की सदस्यता बढ़ाने के लिए सक्रिय प्रयास करने का आश्वासन दिया।


