देवरिया। शहर के रोडवेज बस स्टेशन परिसर के पास मंगलवार को यातायात पुलिसकर्मी और रोडवेज परिचालक के बीच हुए विवाद के मामले में यातायात आरक्षी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस विवाद के बाद रोडवेज कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दी थी, जिसे पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप से शांत कराया गया। यह घटना मंगलवार को लगभग 11:30 बजे हुई, जब रोडवेज बस स्टेशन के दक्षिणी गेट से एक बस बाहर निकल रही थी। ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षी सोनू यादव ने बस को रोका। इसी बात को लेकर बस परिचालक और आरक्षी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। परिचालक ने आरोप लगाया कि उसके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और विरोध स्वरूप सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों द्वारा सड़क जाम किए जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर रोडवेज कर्मचारियों और यातायात पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई। घटना के संबंध में जारी आधिकारिक जानकारी में बताया गया कि रोडवेज बस स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान हुए विवाद में आरक्षी सोनू यादव द्वारा बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी यातायात सत्येन्द्र राय ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


