कोटा के सरकारी आर्टस कॉलेज में सोमवार को एबीवीपी से जुडे़ स्टूडेंटस ने प्रदर्शन किया। छात्र विभिन्न मांगों को लेकर कॉलेज पहुंचे। इस दौरान कॉलेज में प्रिंसिपल उपस्थित नहीं थे तो छात्रों ने उनके ऑफिस पर ताला जड़ दिया और जनकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे इकाई अध्यक्ष ऋतिक नखवाल ने बताया कि छात्र शक्ति अपनी मांगों को लेकर प्रिंसिपल से मिलने आई थी, लेकिन प्रिंसिपल रोशन भारती वहां नहीं मिले, इसलिए छात्रों को तालाबंदी का कदम उठाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर सुनवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रखेंगे। छात्रसंघ चुनाव कराए जाने की मांग उन्होंने बताया कि छात्रों की प्रमुख मांगों में राजस्थान के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में फिर से छात्र संघ चुनाव कराए जाएं, ताकि ग्रामीण और गरीब पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा और नेतृत्व का अवसर मिल सके। हाड़ौती की सबसे बड़ी कॉलेज में डॉ. भीमराव अंबेडकर, स्वामी विवेकानंद और अन्य महान वीरांगनाओं व महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाई जाएं। नए छात्रों को जल्द से जल्द कॉलेज आईडी दी जाए। आईडी कार्ड न होने की वजह से छात्रों को लाइब्रेरी में पढ़ने से रोका जा रहा है, जो कि प्रशासन का दोहरा रवैया है। अनिश्तितकालीन धरना और प्रदर्शन की चेतावनी इतने बड़े कॉलेज परिसर में खेल का मैदान तक उपलब्ध नहीं है, जिससे खेल प्रतिभाओं का नुकसान हो रहा है। परीक्षा परिणामों और इंटरनल असेसमेंट की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। कॉलेज के कमरों व वॉशरूम की हालत बहुत खराब और जर्जर है। परिसर में चारों तरफ गंदगी का आलम है, जिससे कचरा पात्र जैसी स्थिति बनी हुई है। ऋतिक नखवाल ने प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इन अव्यवस्थाओं को समय रहते दूर नहीं किया गया, तो विद्यार्थी परिषद चुप नहीं बैठेगी। छात्रों के हक के लिए कॉलेज में अनिश्चितकालीन धरना और व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।

