AAP का केंद्र पर हमला, जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले हिरासत पर लगाया काला आपातकाल का आरोप

AAP का केंद्र पर हमला, जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले हिरासत पर लगाया काला आपातकाल का आरोप

आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे कई लोगों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश में ‘काला आपातकाल’ लगाने का आरोप लगाया। आप विधायक गोपाल राय ने कहा कि सरकार ने केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशन बंद किए और ट्रेन रद्द कीं। राय ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के बजाय केंद्र सरकार ने देश में काला आपातकाल लगा दिया है।

आज कुमार को बचाने के लिए आपने दिल्ली को छावनी में बदल दिया है। लेकिन याद रखिए, आप चाहे जितनी भी ताकत लगा लें, इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकेगा।’’
आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रदर्शनकारी केवल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती से डर का माहौल बनता है। भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘आप ताकत के दम पर ‘जेन-जी’ को चुप नहीं करा सकते।

ये हमारे युवा हैं। इनसे बात कीजिए और इन्हें साथ लेकर चलिए। भाजपा सरकार दिखाना चाहती है कि हम डरे हुए हैं।

हम डरे हुए नहीं हैं। हम अहिंसा और भारत के संविधान में विश्वास करते हैं।’’
कॉकरोच जनता पार्टी ने कथित ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए शनिवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम तय किया है। एक परामर्श के अनुसार, सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार रात नौ बजे से शनिवार शाम छह बजे तक 45 स्टेशन बंद रखे हैं।

शुक्रवार को ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वह अपने परिवार के साथ कॉजपा के प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं से भी इसमें शामिल होने की अपील की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *