प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या,2 आरोपी गिरफ्तार:दूसरे प्रेमी ने दोस्त संग डंडों से उतारा था मौत के घाट

प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या,2 आरोपी गिरफ्तार:दूसरे प्रेमी ने दोस्त संग डंडों से उतारा था मौत के घाट

अंबेडकरनगर में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक अपनी प्रेमिका से मिलने बाग में गया था, जहां लड़की के दूसरे प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी शव मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के जहानियापुर मछली गांव स्थित एक बाग में 2 मई को युवक का शव बरामद हुआ था। सूचना पर पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक के साथ सीओ सदर नितीश कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। मृतक की पहचान सूरज पुत्र दिलीप के रूप में हुई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 6 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कॉल डिटेल के आधार पर कार्रवाई जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, सूरज का सम्मनपुर गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वह करीब 8 बजे युवती से मिलने गांव के पास स्थित बाग में पहुंचा था। इसी दौरान गांव निवासी अरबाज पुत्र मोहम्मद असलम, जिसका उसी युवती से पहले से प्रेम संबंध था, वहां पहुंच गया। उसने सूरज को पकड़ लिया और अपने दोस्त शादाब पुत्र स्वर्गीय नूरुल हसन को फोन कर बुलाया। शादाब भी डंडा लेकर मौके पर पहुंचा। इसके बाद दोनों ने मिलकर सूरज की बेरहमी से पिटाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवती को धमकाकर वहां से भगा दिया था। मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर 7 मई की सुबह सम्मनपुर थाना क्षेत्र स्थित पचहत्तर की बगिया से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया- पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *