रिटायरमेंट के एलान से एक दिन पहले प्रीतम से बोले अरिजीत सिंह, ‘जिस दिन आप संन्यास लोगे, मैं भी ले लूंगा’

रिटायरमेंट के एलान से एक दिन पहले प्रीतम से बोले अरिजीत सिंह, ‘जिस दिन आप संन्यास लोगे, मैं भी ले लूंगा’

Pritam On Arijit Singh Retirement: बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार प्रीतम और सुपरहिट सिंगर अरिजीत सिंह इन दिनों अपने रिटायरमेंट को लेकर चर्चा में हैं। जहां अरिजीत सिंह के अचानक प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की खबर ने फैंस को चौंका दिया, वहीं अब प्रीतम ने भी इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है।

हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में प्रीतम ने बताया कि वो पिछले काफी समय से काम से ब्रेक लेने के बारे में सोच रहे थे और इसी दौरान अरिजीत सिंह से उनकी बेहद दिलचस्प बातचीत हुई थी।

प्रीतम ने किया खुलासा (Pritam On Arijit Singh Retirement)

‘स्क्रीन’ के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में प्रीतम ने खुलासा किया कि वो बीते एक साल से अपने करीबी दोस्तों और इंडस्ट्री के लोगों से कहते आ रहे थे कि अब वो कुछ समय के लिए संगीत की दुनिया से दूर होना चाहते हैं। हालांकि, लोग उनकी बात को मजाक में लेते थे।

इसी बीच उनकी अरिजीत सिंह से भी कई बार इस विषय पर चर्चा हुई। प्रीतम ने बताया कि एक रात अरिजीत ने उनसे कहा था, ‘जिस दिन आप रिटायर होंगे, उसी दिन मैं भी रिटायर हो जाऊंगा।’ दिलचस्प बात यह रही कि अगले ही दिन अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की घोषणा कर दी।

प्रीतम ने अरिजीत की रिटायरमेंट पर की बात

इस घटना के बाद इंडस्ट्री और फैंस के बीच हलचल तेज हो गई। कई लोग ये मानने लगे कि अरिजीत पूरी तरह से संगीत छोड़ रहे हैं, लेकिन प्रीतम ने साफ किया कि कोई कलाकार कभी पूरी तरह रिटायर नहीं होता। उनके मुताबिक कलाकार सिर्फ थोड़ा ठहरना चाहता है ताकि खुद को फिर से नए तरीके से खोज सके।

प्रीतम ने बताया कि लगातार काम, डेडलाइन और फिल्मों के दबाव ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से थका दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में वह एक डिटॉक्स ट्रिप पर गए थे, जहां उन्हें महसूस हुआ कि लंबे समय बाद बिना काम के रहना कितना सुकून देता है। उसी दौरान उन्होंने तय किया कि अब उन्हें सच में लंबा ब्रेक लेना चाहिए।

प्रीतम के पास अब भी कई प्रोजेक्ट्स (Pritam On Arijit Singh Retirement)

हालांकि प्रीतम के पास अभी भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स मौजूद हैं। ‘कॉकटेल 2’ और ‘गोलमाल 5’ जैसी फिल्मों में उनका संगीत सुनाई देगा। उन्होंने बताया कि कुछ फिल्मों का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि कुछ प्रोजेक्ट्स से वो धीरे-धीरे दूरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

इंटरव्यू के दौरान प्रीतम ने अरिजीत सिंह के भविष्य की योजनाओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि अरिजीत सिर्फ गायक के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक निर्देशक के रूप में भी खुद को एक्सप्लोर करना चाहते हैं। प्रीतम के मुताबिक अरिजीत के पास एक बेहद खूबसूरत और भावनात्मक कहानी है, जिस पर वह फिल्म बनाना चाहते हैं।

आशा भोंसले पर भी बोले प्रीतम

प्रीतम ने इंटरव्यू में दिग्गज गायिका आशा भोंसले का भी जिक्र किया और कहा कि उनके जैसा कलाकार सदियों में एक बार पैदा होता है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने आशा भोसले के साथ काम किया था, तब वह और जीत गांगुली बेहद युवा थे और उनके लिए वह पल किसी सपने जैसा था।

फिलहाल अरिजीत सिंह और प्रीतम के इस फैसले ने फैंस को भावुक कर दिया है। हालांकि दोनों कलाकारों ने साफ संकेत दिए हैं कि ये हमेशा के लिए अलविदा नहीं, बल्कि खुद को समय देने की एक कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *