अजमेर नगर निगम ने लंगन खाना स्थित एक होटल की ऊपरी दो मंजिल को सीज करने की कार्रवाई की। होटल मालिक को ग्राउंड प्लस चार मंजिल भवन के निर्माण की स्वीकृति थी और उसने छह मंजिला निर्माण कर लिया। नगर निगम दस्ता मौके पर पहुंचा और नोटिस चस्पा कर ताला लगाया। इस दौरान पुलिस का जाब्ता भी मौजूद रहा। नगर निगम के अधिशाषी अभियंता व अवैध निर्माण शाखा प्रभारी अधिकारी रमेश चौधरी ने बताया- सैयद हसन चिश्ती, मक्का हाउस लंगर खाना अजमेर को ग्राउंड प्लस चार मंजिल भवन निर्माण की स्वीकृति थी। होटल मालिक ने अवैध रूप से पांचवी और छठी मंजिल का निर्माण कर लिया। ऐसे में नगर निगम अजमेर द्वारा ऊपर की दो मंजिल को ताला लगाकर सीज किया गया है। सीज नोटिस में बताया- इस सीज के विरुद्ध निदेशालय स्थानीय निकाय विभाग जयपुर में नियमानुसार अपील पेश की जा सकती है। कोई भी व्यक्ति इस सीज किए गए भवन में कोई भी गतिविधि नहीं कर सकता और न ही सीज और ताले से छेड़छाड़ करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा सीज किए गए भवन में कोई भी गतिविधि करता या सीज किए गए ताले से छेड़छाड़ की गई तो उसके खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।


