चंदा जुटाकर जिस सड़क को बना रहे थे, वहीं मौत:सड़क पर बिखरीं चप्पलें, जले कपड़े; ठेकेदार समेत 8 की सांसे थमीं

चंदा जुटाकर जिस सड़क को बना रहे थे, वहीं मौत:सड़क पर बिखरीं चप्पलें, जले कपड़े; ठेकेदार समेत 8 की सांसे थमीं

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में जिस सड़क को गांव के लोग चंदा जुटाकर बना रहे थे, उसी सड़क पर सोमवार सुबह मौत का करंट दौड़ गया। रोड़ी मिलाने वाली मशीन(मिक्सर) का हाइड्रोलिक जैक साइड करते समय ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट मशीन में फैलते ही उसे पकड़कर धक्का दे रहे 8 लोग करंट की चपेट में आए, जिससे मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच झुलस गए। घटनास्थल पर बिखरी मृतकों की चप्पलें, जले हुए कपड़े और उनकी राख से काली पड़ी मिट्टी को देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। लोग एक-दूसरे को दिलासा देते रहे। गांव को विकास से जोड़ने वाली सड़क पर ही लोग फूट-फूटकर रोते रहे। पढ़िए यह रिपोर्ट… पहले देखिए- सड़क और उसके किनारे बिखरी चप्पलें सरकारी मदद का इंतजार नहीं किया, ग्रामीणों ने खुद जुटाया था चंदा
ग्रामीण लक्ष्मण गुर्जर ने बताया कि छापोली से कदम कुंड की ओर जाने के लिए पक्का रास्ता बनाना था। इसके लिए गांव वालों ने सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय खुद चंदा जुटाकर सड़क बनाने का फैसला किया था। इसी पैसे से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। पिछले तीन-चार महीने से काम रुक-रुककर चल रहा था। गांव के लोगों के लिए सड़क बनाने के लिए ठेकेदार विष्णु सैनी को जिम्मेदारी सौंपी थी। सुबह 10 बजे शुरू हुआ काम, कुछ पलों में मच गई चीख-पुकार
सड़क बनाने का काम पिछले तीन-चार महीने से रुक-रुककर चल रहा था। सोमवार को भी मजदूर रोज की तरह काम पर पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे भी निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर रोड़ी-बजरी और सीमेंट मिलाने में जुटे थे। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। देखते ही देखते करंट पूरी मशीन में फैल गया। मशीन को छूकर खड़े लोगों को संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही देर में सड़क पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में एक ही गांव के चार युवकों की मौत
ग्रामीण लक्ष्मण गुर्जर ने बताया- हादसे में जान गंवाने वालों में मेरे गांव हालेड़ा मंडावरा के चार युवक शामिल हैं। इनमें हरिराम गुर्जर (30), पुत्र शंकरलाल, मंगलचंद गुर्जर (22) पुत्र गिरधारीलाल, कालूराम गुर्जर (29) पुत्र भीखाराम और पवन गुर्जर (23) पुत्र जगदीश हैं। इसके अलावा छापोली और आसपास के चार लोगों की भी मौत हुई। इनमें ठेकेदार विष्णु सैनी (38), पुत्र नानूराम, सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30) पुत्र महावीर, मुकेश सैनी (27) और नितेश पुत्र फतेहचंद सैनी (32) शामिल हैं। हादसे में आठों की मौत से कई परिवारों का सहारा छिन गया। मृतकों में हमारे भी रिश्तेदार थे, कोई अपने घर का बेटा था तो कोई परिवार की रोजी-रोटी चलाने वाला। हादसे के बाद अब माहौल गमगीन है, सभी की आंखें नम हैं। गीता, संतरा और मंजू समेत पांच लोग झुलसे
हादसे में छापोली की गीता (45), संतरा (35) और मंजू (38) समेत पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। आठ लोगों की मौत और पांच के घायल होने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद मृतक और घायलों के परिजनों को ग्रामीणों ने संभाला। बिजली बंद करवाने जीएसएस फोन किया, नहीं थे कर्मचारी
ग्रामीण विक्रम का कहना है- 11 केवी की बिजली लाइन पहले सड़क से दूर थी, लेकिन कुछ दिन पहले इसे बदलकर सड़क के ऊपर से निकाला गया था। उनका यह भी कहना है कि बिजली के तार पेड़ों के संपर्क में थे। हादसे के दौरान बिजली सप्लाई बंद करवाने के लिए उदयपुरवाटी जीएसएस पर फोन किया गया, लेकिन वहां कर्मचारी मौजूद नहीं थे। आरोप है कि यदि समय रहते बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती तो आठ लोगों की जान बचाई जा सकती थी। वन क्षेत्र से गुजर रही थी सड़क, बिना अनुमति हो रहा था निर्माण
झुंझुनूं जिले की DFO काव्या बी ने बताया कि छापोली से कदम कुंड की ओर जाने वाली यह सड़क वन क्षेत्र से होकर गुजरती है। इसके निर्माण को लेकर अनुमति नहीं ली गई थी। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से सड़क बनाने का बीड़ा उठाया था। पिछले तीन-चार महीने से काम रुक-रुककर चल रहा था। ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत:झुंझुनूं में सड़क बनाते समय मशीन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई; गांववालों का 7 घंटे बाद धरना खत्म राजस्थान के झुंझुनूं में सोमवार को सड़क बना रहे 8 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। 5 अन्य झुलस गए। हादसा उदयपुरवाटी के छापोली गांव में सुबह 10 बजे हुआ। पूरी खबर पढ़िए

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *