कोटा में सीवरेज चेंबर में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके के साथ निकली तेज रोशनी और आग 20 सेकंड से ज्यादा समय तक जलती रही। इसके बाद जलता हुआ हिस्सा उछलकर पास में रखी प्लास्टिक की पानी की टंकी पर जा गिरा, जिससे टंकी पिघलकर क्षतिग्रस्त हो गई। नांता थाना क्षेत्र स्थित मोहनलाल सुखाड़िया आवास योजना के डी-ब्लॉक में रविवार रात करीब 7:30 बजे की यह घटना है। धमाके से कॉलोनी में दहशत फैल गई। सूचना पर नांता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी तेजस्विनी गौतम सहित पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड, एसओजी, बम निरोधक दस्ता और एफएसएल टीम ने सोमवार सुबह मौके पर पहुंचकर जांच की। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने जुटाए। वहीं सामने आए सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कुछ लोगों को थाने भी लेकर गई। हानिकारक विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शुरुआती जांच में कोई हानिकारक विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और न ही आसपास के मकानों की खिड़की-दरवाजों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सीवरेज चेंबर में विस्फोट किस वजह से हुआ। पुलिस अधिकारियों और जांच एजेंसियों की कार्रवाई सोमवार देर रात तक जारी रही।

