अनूपपुर जिले में सोमवार शाम नेशनल हाईवे-43 पर बाइक और गाय की टक्कर में 38 वर्षीय सरवन केवट की मौत हो गई। हादसा कोतमा थाना क्षेत्र में शुक्ला ढाबे के पास शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बैहाटोला निवासी सरवन केवट की बाइक गाय से टकरा गई। उनके सिर पर गंभीर चोट आई। लोग उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोतमा ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि सरवन केवट, पिता बाबूलाल केवट, जेएमएस प्राइवेट लिमिटेड में काम करते थे और घर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं है कि बाइक गाय से टकराई या किसी अज्ञात वाहन से। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी में रखा गया है। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम अगले दिन कराया जाएगा।

