अजमेर के जयपुर रोड पर डिवाइडर कट बंद किए जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीण धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों के साथ वार्ड 61 की पार्षद मीनाक्षी मीणा भी ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। स्कूल के बच्चों और ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता पार्षद मीनाक्षी मीणा ने बताया कि जयपुर रोड पर स्थित यह डिवाइडर कट आसपास के गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। पास ही स्कूल होने के कारण बच्चे भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। इसके अलावा ग्रामीणों को मवेशियों को लाने-ले जाने में भी इसी रास्ते का उपयोग करना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि ग्रामीणों के मुख्य रास्ते को किसके आदेश पर बंद किया जा रहा है। कट बंद होने से आसपास के गांवों के लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा और आवागमन में परेशानी होगी। ग्रामीणों ने लिखित आदेश की मांग की प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) ने ग्रामीणों को समझाइश करते हुए बताया कि फिलहाल यहां मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। डिवाइडर कट को पूरी तरह बंद नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पार्षद और ग्रामीणों ने मौखिक आश्वासन पर भरोसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने प्रशासन से लिखित आदेश जारी करने की मांग की। मांग नहीं मानी तो जयपुर रोड पर करेंगे चक्काजाम पार्षद मीनाक्षी मीणा ने चेतावनी दी कि यदि डिवाइडर कट बंद करने का प्रयास किया गया या लिखित आश्वासन नहीं दिया गया, तो ग्रामीण जयपुर रोड पर चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

