नोरा फतेरी को कोर्ट की फटकार:ठग सुकेश के 200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग केस में पेश नहीं हुईं, कोर्ट बोला- रवैया ठीक नहीं, हल्के में न लें

नोरा फतेरी को कोर्ट की फटकार:ठग सुकेश के 200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग केस में पेश नहीं हुईं, कोर्ट बोला- रवैया ठीक नहीं, हल्के में न लें

बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही को सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होना था। समन के बावजूद एक्ट्रेस कोर्ट नहीं पहुंचीं, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई है। कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा, ‘उनका व्यवहार ठीक नहीं है। कोर्ट को हल्के में न लें।’ दरअसल, इस मामले में नोरा फतेही को बतौर गवाह अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराना था। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि नोरा को समन भेजा गया था, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वह अदालत में पेश होंगी या नहीं। वहीं, नोरा के वकील ने उनकी पेशी से छूट देने की मांग करते हुए आवेदन दाखिल किया। वकील की इस मांग पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद स्पेशल जज गगनदीप सिंह ने नोरा फतेही को नया समन जारी करते हुए 6 नवंबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया और कहा- “वह एक गवाह हैं और उन्हें यहां अदालत में मौजूद होना चाहिए था। उनका व्यवहार ठीक नहीं है। अदालत को हल्के में न लें।” पुलिस ने 22 अक्टूबर को भेजा था नोटिस सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने बताया कि नोरा फतेही को 22 अक्टूबर को ईमेल और वॉट्सऐप के जरिए नोटिस भेजा गया था। पुलिस ने उनसे फोन पर संपर्क करने की भी कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। वहीं, नोरा के वकील ने अदालत को बताया कि एक्ट्रेस को 29 अक्टूबर को समन की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद 2 नवंबर को उनकी पेशी नहीं हो सकी। बता दें कि सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ की ठगी के मामले में पहले भी कई बार नोरा फतेही से पूछताछ हो चुकी है। आरोप हैं कि नोरा ने सुकेश से लग्जरी कार समेत कई कीमती तोहफे लिए हैं। पहले नोरा और सुकेश को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की की जा चुकी है। इस दौरान नोरा ने खुद 1 करोड़ से ज्यादा कीमत की लग्जरी गाड़ी गिफ्ट में लेने की बात कबूल की थी। ये कार नोरा को 2020 में हुए एक ईवेंट के दौरान चेन्नई में गिफ्ट की गई थी। उन्होंने जांच एजेंसियों को दिए बयानों में कहा था कि वे खुद इस मामले में पीड़ित (विक्टिम) रही हैं, जिसके बाद उन्हें मामले में गवाह बनाया गया है। जैकलीन फर्नांडिस भी हैं आरोपी, गवाह बनने की याचिका हुई खारिज सुकेश के खिलाफ हुई जांच में सामने आया कि वह और एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस रिलेशनशिप में रहे हैं। इसके चलते एक्ट्रेस भी जांच के दायरे में आ गई थीं। जांच में सामने आया कि सुकेश ने खुद को बिजनेसमैन बताते हुए जैकलीन से रिश्ता रखा था। उस समय वह उन्हें कई महंगे तोहफे भी देता था। वहीं, जैकलीन ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि वे नहीं जानती थीं कि सुकेश एक ठग है। दोनों की कुछ रोमांटिक तस्वीरें भी कई बार वायरल हो चुकी हैं। सुकेश अक्सर खास मौकों पर जेल से उनके लिए चिट्ठी लिखता है और उन्हें कोई ना कोई तोहफा देने का दावा करता है। ED द्वारा दायर मामले में जैकलीन आरोपी हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एक्सटॉर्शन केस में जैकलीन को गवाह बताया गया। जैकलीन ने ED के केस में भी गवाह बनने की अर्जी दी थी, लेकिन कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया। क्या है ₹200 करोड़ की वसूली का पूरा मामला? यह पूरा मामला ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। आरोप है कि उसने खुद को कभी प्रधानमंत्री कार्यालय तो कभी गृह मंत्रालय का वरिष्ठ अधिकारी बताकर पूर्व रणबैक्‍सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की वसूली की। शिविंदर मोहन सिंह और उनके भाई मालविंदर सिंह रणबैक्‍सी के प्रमोटर रह चुके हैं। दोनों आर्थिक अनियमितताओं के मामलों में कानूनी मुश्किलों में फंसे थे और शिविंदर जेल में बंद थे। आरोप है कि सुकेश ने उनकी पत्नी अदिति को भरोसा दिलाया कि वह उनके पति को जेल से बाहर निकलवा सकता है। इसके लिए वह जेल के अंदर से फोन करता और खुद को सरकारी अधिकारी बताता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसने कॉल स्पूफिंग तकनीक से अपनी असली पहचान छिपाई और सरकारी नंबर दिखाकर अदिति से संपर्क किया। 2020 से 2021 के बीच उसने अलग-अलग किस्तों में करीब 200 करोड़ रुपए वसूले। अगस्त 2021 में अदिति सिंह ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की। इसके बाद दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने जांच शुरू की। कथित तौर पर एक करोड़ रुपए की नई मांग के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर सुकेश को गिरफ्तार किया। जांच में जेल से वसूली का नेटवर्क सामने आया। पुलिस ने MCOCA के तहत चार्जशीट दाखिल की। इस मामले में सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच हुई। सुकेश से कैसे जुड़ा नोरा फतेही का नाम? जांच के दौरान नोरा फतेही का नाम भी सामने आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुकेश ने उन्हें लग्जरी कार और तोहफे दिए थे। दिल्ली पुलिस ने सुकेश और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल से उनके संपर्क को लेकर पूछताछ की। एक पूछताछ में नोरा और सुकेश को साथ बैठाया गया था। नोरा ने पुलिस को बताया था कि उनकी मुलाकात और बातचीत सुकेश से सीधे नहीं, बल्कि उसकी पत्नी लीना के जरिए हुई थी। बाद में दिल्ली पुलिस ने तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की, जिसमें नोरा को अभियोजन पक्ष का गवाह बनाया गया। चार्जशीट में उनका नाम LW-3 यानी तीसरे गवाह के रूप में दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *