Dia Mirza BMC Controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा इन दिनों अपने ‘प्रदूषण मुक्त दिवाली’ अभियान को लेकर विवादों के घेरे में आ गई हैं। मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने दिवाली पर लोगों को पटाखों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण के प्रति जागरूक करने के लिए एक वीडियो अभियान शुरू किया था। इसमें दीया मिर्जा समेत कई फिल्मी सितारे शामिल हुए थे। हालांकि, मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सातम की आपत्ति के बाद, BMC ने अपने ‘प्रदूषण मुक्त दिवाली’ कैम्पेन से अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो हटा दिया है। इस घटना ने एक राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया। अब इस मामले में मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने भी एक्ट्रेस पर निशाना साधा है।
दीया मिर्जा को लेकर क्या बोलीं मुंबई की मेयर रितु तावड़े?
अभिनेत्री दीया मिर्जा के ‘प्रदूषण मुक्त दिवाली’ अभियान को लेकर हुए विवाद पर मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा, “हम उन्हें किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं करेंगे, खासकर बीएमसी (BMC) के आधिकारिक पोर्टल पर तो बिल्कुल नहीं। वह हमारे द्वारा आयोजित किसी अन्य कार्यक्रम में भी हिस्सा नहीं ले सकतीं, क्योंकि वह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती हैं… मेयर के तौर पर और भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए, हमारा रुख एकदम साफ है: हम हिंदुत्व का विरोध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बीएमसी के आधिकारिक पोर्टल पर जगह नहीं देंगे…”
उन्होंने आगे कहा, “मुंबई एक ऐसा शहर है जो सभी जातियों, धर्मों और संप्रदायों को अपनाता है, और मैं सभी के लिए काम करती हूं। हमारा एजेंडा हिंदुत्व पर आधारित है। अगर कोई हिंदुत्व के खिलाफ बोलता है, चाहे उसकी जाति, धर्म या संप्रदाय कुछ भी हो, तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा।”
आखिर क्या है दीया मिर्जा और BMC का पूरा विवाद?
बता दें कि मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए बीएमसी ने लोगों से अपील करते हुए कहा था कि दिवाली पर पटाखे न जलाएं और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ही त्योहार मनाएं। बीएमसी द्वारा मुंबई में चलाया जा रहा यह अभियान बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों और शहर में प्रदूषण के बढ़ते स्तर पर जताई गई चिंताओं पर अमल करने के लिए था।
जानकारी के लिए बता दें कि इस कैंपेन के जरिए जागरूकता फैलाने के लिए बीएमसी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे सहित कई जानी-मानी हस्तियों से वीडियो मेसेज रिकॉर्ड करवाए थे।
दीया मिर्जा ने अपने वीडियो में क्या कहा?
दीया मिर्जा ने अपने वीडियो में लोगों से पटाखे जलाने से बचने और दिवाली के दौरान होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने की अपील की थी। जिसके बाद 1 नवंबर को मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सतम ने एक्ट्रेस के इस कैम्पेन में शामिल होने पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर BMC को टैग करते हुए लिखा, “हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं।”
इसके बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का रिकार्डेड वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। हालांकि, कैम्पेन में शामिल हुईं माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और अजिंक्य रहाणे के वीडियो मैसेज सोशल मीडिया पर मौजूद रहे। हालांकि, बीएमसी द्वारा दीया मिर्जा का वीडियो हटाने पर अभी तक अलग से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दीया मिर्जा ने विवाद पर क्या कहा?
बीएमसी की ओर से वीडियो हटाए जाने के बाद दीया मिर्जा ने अब चुप्पी तोड़ी है। अभिनेत्री ने कहा कि उनका मकसद किसी को दिवाली मनाने का तरीका सिखाना नहीं, बल्कि लोगों को प्रदूषण के प्रति जागरूक करना था। दीया ने कहा, “दिवाली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञानता पर ज्ञान और निराशा पर उम्मीद की जीत का त्योहार है। यह वीडियो जनहित में रिकॉर्ड किया गया था, ताकि लोगों को स्वस्थ और जागरूक तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। वायु प्रदूषण सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है और इसे कम करने की हर कोशिश सभी के लिए बेहतर पर्यावरण की दिशा में एक कदम है।”
वहीं, बीएमसी के वीडियो हटाने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘कोई पैसे नहीं लिए हैं। भलाई का जमाना ही नहीं रहा।’
दीया मिर्जा को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए, बोले श्रीकांत भारतीय
बीजेपी एमएलसी श्रीकांत भारतीय ने IANS से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दीया मिर्जा के अभियान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए और यह सोचना चाहिए कि वह किस समुदाय से ताल्लुक रखती हैं। श्रीकांत भारतीय ने साफ किया कि वह किसी भी समुदाय, धर्म या उपासना पद्धति के विरोध में नहीं हैं, लेकिन जिस समुदाय का प्रतिनिधित्व वह करती हैं, वहां क्या चल रहा है, उन्हें इस पर एक बार आत्म-चिंतन जरूर करना चाहिए।


