NPP में शामिल हुए Paul Lyngdoh सोमवार को लेंगे मेघालय सरकार में मंत्री पद की शपथ

NPP में शामिल हुए Paul Lyngdoh सोमवार को लेंगे मेघालय सरकार में मंत्री पद की शपथ

शिलांग, दो नवंबर मेघालय में सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) में शामिल होने के कुछ दिन बाद वेस्ट शिलांग के विधायक पॉल लिंगदोह की राज्य मंत्रिमंडल में वापसी करने वाले है। उनका शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को बाद में निर्धारित है। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

राज्य के पूर्व पर्यटन मंत्री लिंगदोह उन 11 विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने हाल ही में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) छोड़ दी थी। राज्य में बड़े राजनीतिक फेरबदल के बीच इस विधायक ने यूडीपी के दो अन्य विधायकों के साथ एनपीपी में विलय का प्रयास किया था। इससे कुछ दिन पहले क्षेत्रीय पार्टी के आठ अन्य विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।

एनपीपी ने 28 अक्टूबर को यहां अपने मुख्यालय में लिंगदोह और रेनिक्टन लिंगदोह का स्वागत किया था। इस दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने उन्हें पार्टी की सदस्यता के प्रमाणपत्र सौंपे थे। तीसरे विधायक और मूकायाव विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले नुजोरजी सुंगोह अस्वस्थ होने के कारण सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे।

एनपीपी के एक नेता ने कहा, ‘‘वेस्ट शिलांग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पॉल लिंगदोह मंत्रिपरिषद से यूडीपी अध्यक्ष मेतबाह लिंगदोह के इस्तीफे से खाली हुई जगह भरेंगे।’’
एक अधिकारी ने पुष्टि की कि शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा। लिंगदोह इससे पहले पर्यटन विभाग का प्रभार संभाल चुके हैं और इस क्षेत्र की कई पहलों से निकटता से जुड़े रहे हैं। पर्यटन मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रस्तावित शिलांग पीक रोपवे परियोजना में विशेष रुचि दिखाई थी।

खासी हिल्स स्वायत्त जिला परिषद की ओर से आपत्तियां उठाए जाने के बाद यह परियोजना हाल में जांच के दायरे में आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *