हैकरों की धमकी के बाद नीट छात्र ने जान दी:पोस्टमार्टम हाउस मे लाशों के बीच बेटे को ढूढ़ने पहुंची मां, बोलीं- हमार बेटवा कहां है

हैकरों की धमकी के बाद नीट छात्र ने जान दी:पोस्टमार्टम हाउस मे लाशों के बीच बेटे को ढूढ़ने पहुंची मां, बोलीं- हमार बेटवा कहां है

कानपुर में साइबर हैकरों की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर नीट की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि हैकरों ने छात्र का मोबाइल फोन हैक कर उसकी न्यूड तस्वीरें और वीडियो तैयार कर लिए थे। हैकरों ने छात्र के पिता का मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें भी बेटे की अश्लील तस्वीरें और वीडियो व्हाट्सएप पर भेज दिए। इससे छात्र मानसिक रूप से बेहद परेशान था। उसने शनिवार को अपने पिता को पूरी घटना बताई थी। पिता ने बहराइच के हुजूरपुर थाने में साइबर हैकरों के खिलाफ तहरीर भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद धमकियां बंद नहीं हुईं। रविवार देर रात छात्र ने रावतपुर स्थित हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। रूम पार्टनर ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो छात्र का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर बनने का सपना लेकर आया था कानपुर बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी चंद्रवीर सिंह किसान हैं। परिवार में पत्नी पूनम सिंह, बेटा शिवा सिंह (20), छोटा बेटा राज और बेटी अंजलि हैं। पिता ने बताया कि शिवा पढ़ाई में काफी होनहार था। उसने वर्ष 2024 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉप किया था। डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए वह वर्ष 2025 में नीट की तैयारी करने कानपुर आया था। वह रावतपुर के तुलसी नगर स्थित एक हॉस्टल में अपने सहपाठी दीपक गोस्वामी के साथ रहकर तैयारी कर रहा था। शुक्रवार को पिता को बताया, फोन हैक कर रुपये मांग रहे हैं पिता चंद्रवीर सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को शिवा ने फोन कर बताया था कि किसी ने उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया है। हैकर लगातार फोन कर रुपये मांग रहे हैं और पैसे नहीं देने पर उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। इस पर पिता ने उसे परेशान न होने और पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बहराइच के हुजूरपुर थाने में साइबर हैकरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पिता के मुताबिक, शनिवार और रविवार को भी हैकर लगातार शिवा को फोन कर रुपये मांगते रहे। रविवार को शिवा ने अपने चाचा रंजीत से एक हजार रुपये मांगे थे। चाचा ने ऑनलाइन रुपये भेज भी दिए थे। इसके बावजूद हैकरों की धमकियां बंद नहीं हुईं। पिता के व्हाट्सएप पर भेज दी बेटे की अश्लील तस्वीर पिता ने बताया कि रविवार को शिवा ने फोन कर कहा था कि हैकर अब भी रुपये मांग रहे हैं। वे धमकी दे रहे हैं कि उसकी न्यूड तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। इसी दौरान हैकरों ने पिता का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उनके व्हाट्सएप पर भी शिवा की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेज दिए। इससे शिवा को मानसिक आघात पहुंचा। वह अपनी सामाजिक छवि और परिवार की बदनामी को लेकर परेशान रहने लगा था।

पिता के मुताबिक, बेटे ने उन्हें लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग की जानकारी दी थी। उन्होंने उसे समझाया था कि हैकरों की धमकियों से परेशान होने की जरूरत नहीं है। पुलिस से शिकायत की गई है और कार्रवाई होगी। इसके बावजूद रविवार देर रात शिवा ने कमरे में रस्सी के सहारे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रूम पार्टनर ने खिड़की से देखा तो उड़ गए होश रविवार देर रात रूम पार्टनर दीपक गोस्वामी कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर उसने खिड़की से झांककर देखा तो शिवा का शव फंदे से लटक रहा था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर हॉस्टल के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर 112 नंबर की पुलिस को बुलाया गया।

जानकारी मिलते ही काकादेव और रावतपुर थाने की पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। छात्र के मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी गई। देर रात बहराइच से पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में ले लिया।

बेटे को डॉक्टर बनाने भेजा था, अब उसकी बॉडी लेकर गांव जाऊंगा

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता चंद्रवीर सिंह बेटे का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा, ‘बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए कानपुर भेजा था। कभी नहीं सोचा था कि उसकी बॉडी लेकर घर लौटना पड़ेगा। बेटे ने हैकरों की धमकियों के बारे में बताया था। हमने उसे समझाया था कि परेशान मत हो, पढ़ाई पर ध्यान दो। पुलिस में शिकायत भी की थी। अगर जरा भी अंदाजा होता कि बेटा इतना बड़ा कदम उठा लेगा तो उसे कानपुर से गांव वापस बुला लेते।’

शवों के बीच बेटे को तलाशती रही मां, बोली- ‘ईमा हमार बिटवा कौन सा है’

पोस्टमार्टम हाउस में बेटे का शव देखने पहुंची मां और बहन का दर्द देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। वहां कई शव रखे हुए थे। मां शवों के बीच अपने बेटे को तलाशने लगी। वह रोते हुए बार-बार कह रही थी, ‘ईमा हमार बिटवा कौन सा है… शिवा, शिवा।’ मां और बहन की हालत देखकर परिजन उन्हें किसी तरह पोस्टमार्टम हाउस से बाहर लेकर गए। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि छात्र को साइबर हैकर परेशान कर रहे थे। उसकी न्यूड तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच कर रही है। तहरीर मिलने और जांच में तथ्य सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *