इटावा विकास भवन में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार सुबह 11 बजे निःशुल्क बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 165 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं, 150 से अधिक लोगों की विभिन्न प्रयोगशाला जांच और 60 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई। लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला, विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) आदेश कुमार और विलेज हेल्थ आउटरीच कमेटी के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने किया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद और वंचित वर्ग के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही लोगों को बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है। विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने सेवाएं दीं कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में यूपीयूएमएस के कई विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। इनमें मेडिसिन, सर्जरी, हड्डी रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत रोग, बाल रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन और मानसिक रोग विभाग के डॉक्टर शामिल रहे। इसके अलावा ऑप्टोमेट्री टीम ने नेत्र परीक्षण किया। ‘स्पेशलाइज्ड पैथोलॉजी ऑन व्हील्स’ पहल के तहत पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री और माइक्रोबायोलॉजी विभाग की टीम ने लोगों की प्रयोगशाला जांच की। नर्सिंग अधिकारियों और एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के कर्मचारियों ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया। आयोजन में विलेज हेल्थ आउटरीच कमेटी के सदस्य डॉ. राजमंगल यादव, डॉ. प्रवेश कुमार, जगदीश सिंह, डॉ. संजय कनौजिया, नवल किशोर शर्मा और प्रमोद शर्मा ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक भविष्य में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे।

